शादी में डांस ना हो, शायद ऐसा ही कभी हुआ हो लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि किसी के डांस की वजह से दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया हो? उत्तर प्रदेश के संभल में ऐसा ही हुआ है। यहां एक दूल्हे ने सास को नाचता देख शादी से ही इंकार कर दिया। वहीं अब दूल्हे के भाई ने दुल्हन की मां पर गंभीर आरोप लगा दिया है।
बेटी की शादी में झूम कर नाची माँ, दूल्हे ने किया शादी से इंकार
मामला हयातनगर थाना के कस्बा सरायतरीन का है, यहां एक घर में बारात आई हुई थी। शादी की कई रस्म हो चुकी थीं। सबकुछ ठीक चल रहा था लेकिन इसी बीच डीजे पर दुल्हन की मां ने डांस करना शुरू कर दिया। डांस देखकर बाराती हैरान रह गए। परिजनों ने महिला को रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानीं और डांस पार्टनर के साथ डांस करती रहीं।
दूल्हे के परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
वहीं दूल्हे के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दुल्हन की मां ने शराब पी ली थी और पूरी बारात में उन्होंने डांस किया। उसने सिगरेट के छल्ले भी उड़ाए। यह सब देख सुन दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन की मां रिश्तेदारों को लेकर वापस अपने घर लौट गई और बारात वापस लौट गई।
दूल्हे के भाई ने कहा है कि दुल्हन की मां बारातियों से हाथ मिला रही थीं, साथ में वह सबको फ्लाइंग किस दे रही थीं। हमने उनकी यह बात पसंद नहीं आई, उनकी हरकतों को देखकर हमने शादी से इंकार कर दिया और वापस आ गए। बताया गया कि दुल्हन की मां उस वक्त डांस करने में व्यस्त थीं, जब वरमाला की रस्म निभाई जा रही थी।
वहीं इस शादी के टूटने की वजह खुद दुल्हन की मां बन गई, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। कुछ लोगों का कहना है कि क्या मां का बिंदास होकर डांस करना पाप है? तो वहीं कुछ लोगों ने कहा है कि अपनी बेटी की शादी में मां को ऐसा नहीं करना चाहिए। मां पर तो बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। अगर वह नशे में धुत रहेंगी और डांस में व्यस्त रहेंगी तो कोई भी नाराज होगा।