चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीज तीन दिसंबर को सामने आने वाले हैं। सुबह से ही कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस मुख्यालय में तो जश्न का माहौल है। हालांकि चुनाव नतीजे सामने आने से पहले ही कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने ऐसा ट्वीट किया है, जिस पर लोग तंज कस रहे हैं।

चारों राज्यों के वोटों की गिनती शुरू होने से पहले ही कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने इंडियन एक्सप्रेस की एक पुरानी खबर को शेयर किया है। यह खबर 2009 में प्रकाशित की गई थी। खबर में बीजेपी नेता लाल कृष्ण आडवाणी द्वारा बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग का उल्लेख है, इस खबर को शेयर कर कांग्रेस नेता सिंघवी ने लिखा, ‘सोचा याद दिला दूं’

सोशल मीडिया यूजर्स अभिषेक मनु सिंघवी के ट्वीट पर तंज कस रहे हैं। दरअसल चुनाव नतीजे पक्ष में ना आने पर विपक्ष के तमाम नेता EVM पर सवाल उठाते रहे हैं। ऐसे में चुनाव के नतीजे सामने आने से पहले एक बार फिर EVM की जगह बैलेट पेपर का जिक्र कर कांग्रेस नेता लोगों के निशाने पर आ गये हैं।

सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

@kamalKantmishra ने लिखा, ‘अब तो हद गई, अभी कर्नाटक/ हिमाचल जीते हैं। उस समय आपने याद नहीं दिलाया?’ एक ने लिखा, ‘अभी तो गिनती शुरू भी नहीं हुई है, सर कांग्रेस क्यों घबराई और बौखलाई हुई है?’ एक ने लिखा, ‘क्या आप नतीजों से पहले बहाने ढूंढ रहे हैं?’ एक अन्य ने लिखा, ‘हमेशा चुनाव नतीजों से पहले ये प्रोपेगेंडा चलाते हैं। यदि वे जीतेंगे तो परिणाम स्वीकार कर चुप हो जाएंगे। अगर वे हार गए तो ईवीएम को दोष देंगे।’

एक ने लिखा, ‘अगर आप EVM पर सवाल उठा रहे तो इसका मतलब है कि कांग्रेस फिर हार रही है, दोष ईवीएम को देना होगा। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस जीती, ईवीएम बिल्कुल ठीक थी। कांग्रेस की चुनाव हार हमेशा ईवीएम की गलती है?’ एक ने लिखा, ‘हिमाचल और कर्नाटक में EVM एकदम सही था और अब खराब है? इसका मतलब कहीं ये तो नहीं कि आप कांग्रेस की हार स्वीकार कर रहे हैं?’

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना की 639 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के परिणाम आज घोषित कर दिए जाएंगे। एमपी, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में बीजेपी-कांग्रेस व तेलंगाना में BRS-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। यहां पढ़िए लाइव अपडेट