हाल ही में भाजपा के बागी नेता अरुण शौरी ने भाजपा की पॉलिसी पर बात करते हुए कहा था कि भाजपा की पॉलिसी का मतलब कांग्रेस प्लस काउ है। मतलब भाजपा की पॉलिसी कांग्रेस जैसी ही हैं, बस उसमें गाय और जुड़ गई है। अरुण शौरी के इस बयान पर पत्रकार मिलिंद खांडेकर ने ट्वीट कर कि “अरुण शौरी ने भाजपा को कांग्रेस प्लस काउ बताया है, लेकिन अब कांग्रेस अपने चुनावी अभियान में गाय को जोड़ने जा रही है। ट्वीट में कहा गया है कि कांग्रेस के एक सासंद ने अपने चुनाव अभियान के दौरान वादा किया है कि प्रत्येक विधानसभा में उनकी सरकार गौशाला का निर्माण कराएगी।”
इस ट्वीट के जवाब में यशवंत देशमुख नामक अकाउंट से प्रतिक्रिया दी गई। इस प्रतिक्रिया के अनुसार यशवंत देशमुख ने लिखा है कि अरुण शौरी के हिसाब से भाजपा =कांग्रेस + काउ है। तो इस इक्वेशन के हिसाब से कांग्रेस का मतलब भाजपा – काउ हुआ। अब चूंकि कांग्रेस भी कांग्रेस + काउ हो गई है तो कह सकते हैं कि कांग्रेस + काउ = भाजपा + काउ। इस तरह कांग्रेस + भाजपा = काउ + काउ हो जाएगा। बता दें कि बीते दिनों कांग्रेस सांसद और मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने विदिशा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ऐलान किया था कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर हर ग्राम पंचायत में गौशाला बनायी जाएंगी। कमलनाथ ने कहा था कि “भाजपा गौमाता को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जमीन पर करती कुछ नहीं। सैकड़ों गौमाता रोज मर रही हैं, लेकिन उन्हें इसकी कोई चिंता नहीं है। भाजपा गौमाता के नाम पर सिर्फ राजनीति कर रही है। हम गौमाता को तड़पते हुए नहीं देख सकते।”
गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी इन दिनों कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गए हुए हैं। दरअसल इस पूरी कवायद को कांग्रेस द्वारा बहुसंख्यकों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश के रुप में देखा जा रहा है। बहरहाल इस ट्वीट में भाजपा और कांग्रेस को जिस तरह से पेश किया गया है, वह काफी दिलचस्प है और यही वजह है कि यह ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।

