मध्य प्रदेश के भिंड जिले की गोहद तहसील में महिला पर छींटाकशी करना होमगार्ड को महंगा पड़ गया। खुद पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी से महिला इस कदर नाराज हुई कि उसने तहसील परिसर में ही होमगार्ड का कॉलर पकड़ लिया। कॉलर पकड़ते ही होमगार्ड की हेकड़ी गायब हो गई। इसी बीच किसी राहगीर ने पूरा मामला मोबाइल पर शूट कर लिया। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

ये घटना सोमवार (17 सितंबर) की होने का दावा किया जा रहा है। बताया गया कि गोहद तहसील के पास अचानक उस वक्त अचानक शोरगुल होने लगा जब एक महिला ने होमगार्ड का कॉलर पकड़ लिया। कॉलर पकड़ते ही होमगार्ड की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। जबकि तमाशबीनों का मजमा लगना शुरू हो गया। महिला का ये आरोप था कि होमगार्ड ने एक अन्य लड़के के साथ मिलकर उस पर छींटाकशी की थी।

महिला के मुताबिक होमगार्ड और वह लड़का दोनों मिलकर आए दिन उसके साथ भद्दे मजाक किया करते थे। लेकिन सोमवार को महिला के सब्र का बांध टूट गया। महिला का रौद्र रूप देखकर होमगार्ड ने महिला से माफी मांगने की कोशिश भी की। लेकिन महिला किसी कीमत पर उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं हो रही थी। तहसील परिसर में ये हंगामा देखकर लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। आरोपी होमगार्ड का नाम मेघ सिंह बताया जा रहा है। हालांकि बाद में लोगों के कहने पर महिला ने होमगार्ड को छोड़ दिया। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।

वैसे बता दें ​कि देश भर में आए दिन महिलाओं के साथ छेड़खानी और छींटाकशी के मामले सामने आते रहते हैं। लेकिन ज्यादातर मामलों में महिलाएं असामाजिक तत्वों के भय के कारण इसकी शिकायत पुलिस से नहीं कर पाती हैं। लेकिन इस मामले से निश्चित तौर पर महिलाओं को मनचलों को सबक सिखाने की सीख मिलेगी।