आंध्र प्रदेश पुलिस (Andhra Pradesh Police) लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। अब पुलिस ने जब्त किए गए गांजा को जलाने का अभियान शुरू किया है। इसके तहत जब्त हुए गाजे को आग के हवाले किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने गांजा मुक्त राज्य बनाने के इरादे से ‘ऑपरेशन परिवर्तन’ (‘Operation Parivartan’) की शुरुआत की है। सोशल मीडिया पर लोग गांजा जलाये जाने पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
पुलिस ने जलाया गांजा
आन्ध्र प्रदेश की पुलिस अलग-अलग जगहों पर जब्त किये गए गांजा को जला रही है। इसी सिलसिले में NTR जिले में विजयवाड़ा पुलिस आयुक्त कांथी राणा टाटा (Vijayawada Police Commissioner Kanthi Rana Tata) की उपस्थिति में पिछले 30 वर्षों के दौरान जब्त किया गया 14,000 किलोग्राम गांजा को पुलिस ने जला दिया। इतना ही नहीं, आंध्र प्रदेश पुलिस के ट्विटर हैंडल पर तमाम जगहों पर जलाये जा रहे गांजा की तस्वीरें और वीडियो शेयर किये जा रहे हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
@RahulAngeless यूजर ने लिखा कि विजयवाड़ा के लोग अभी कह रहे होंगे कि इतना मजा क्यों आ रहा है, तूने हवा में भांग मिलाया? एक यूजर ने लिखा कि दुख की बात है कि भारत में गांजा पर प्रतिबंध है, जहां यह हमारी संस्कृति का हिस्सा है। इसमें औषधीय गुण होते हैं। हमने अमेरिका के दबाव के कारण इस पर प्रतिबंध लगाया, उन्होंने इसे वैध कर दिया। अगर इसका निर्यात किया जाता तो अच्छी रकम प्राप्त हो सकती थी।
@it_is_sourav_86 यूजर ने लिखा कि क्या यह प्रदूषण नहीं फैला रहा है? जलाने की जगह किसी और को दे देते। यदि आप फेंकना चाहते हैं तो इसे जलाने के बजाय ठीक से ठिकाने लगाने का प्रयास करते। @amit94naithani यूजर ने लिखा कि वैसे इसे कुछ लोग ही पीते लेकिन जलाकर आप लोगों ने पूरे शहर को गांजा पिला दिया। @Aryan4592 यूजर ने लिखा कि पूरे इलाके के लोग नशे में हैं, मेरा दोस्त छत पर खड़े होकर इंतजार कर रहा है कि कब उसके यहां धुंआ पहुंचेगा।
बता दें कि इससे पहले 23 दिसंबर को आंध्र प्रदेश के गजपतिनगरम में 66,542 किलोग्राम गांजा को आग के हवाले कर दिया गया था। पिछले साल भी भारी मात्रा में गांजा नष्ट किया गया था, इस साल भी गांजा की खेती को नष्ट करने और जब्त किये गये गांजे को जलाने का अभियान चल रहा है। सोशल मीडिया पर गांजा जलाए जाने पर सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।