लखीमपुर खीरी मामले में आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्रा को हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने जमानत दे दी है। आशीष मिश्रा की जमानत को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की टिप्पणी आ रही है। ऐसे में टाइम्स नाउ नवभारत चैनल के पत्रकार सुशांत सिन्हा ने बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के बेटे का जिक्र कर कहा कि उनके लड़के को जमानत मिलना उसका अधिकार है। उनके इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया देने लगे।
दरअसल सुशांत सिन्हा ने ट्वीट किया – लड़का शाहरुख खान का हो तो जमानत मिलना उसका अधिकार है। लड़का बीजेपी का हो तो जमानत मिल कैसे गई। केस भी चलाने की जरूरत नहीं, उसे बस टांग दो। ऐसे काम करता है इकोसिस्टम। सुशांत सिन्हा के इस ट्वीट पर कुछ यूजर्स उनकी बातों का समर्थन करते हुए दिखाई दिए तो वहीं कुछ लोगों ने उन पर तंज कसते हुए रिप्लाई किया।
आम यूजर्स के कमेंट : शहबाज खान नाम के ट्विटर यूजर ने कमेंट किया कि 5 ग्राम के गांजे और 5 लोगों के मर्डर के आरोप लगने में बहुत अंतर है। अमन नाम के एक यूजर ने लिखा – गांजे और मर्डर के केस में क्या अंतर होता है इसको आप नहीं जानते हैं। इतनी ज्यादा तरफदारी करना आपके लिए घातक साबित हो सकता है। आराध्या नाम की एक यूजर लिखती हैं कि इस तरह के पत्रकार को ही ईमानदार कहा जाता है। आपको नशे और हत्या में कोई फर्क नजर नहीं आता?
अरुण कुमार नाम के टि्वटर अकाउंट से कमेंट आया – अरे भाई वह शाहरुख खान के बेटे हैं इसलिए उनके जमानत पर कोई भी टिप्पणी नहीं करेगा। आशीष मिश्रा को केंद्रीय मंत्री के बेटे होने की सजा दी जा रही है। वसुंधरा सिंह नाम की एक यूजर ने कमेंट किया कि ड्रग और मर्डर के चार्ज में बहुत बड़ा अंतर होता है। इतनी भी मूर्खतापूर्ण बात नहीं करनी चाहिए।
अभिषेक कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि शाहरुख के लड़के ने किसी के ऊपर जीप नहीं चढ़ाई थी जैसा टेनी के लड़के ने किया है। अरे लिखने से पहले 2 बार सोच तो दिया करिए। जानकारी के लिए बता दें कि ड्रग्स मामले में फंसे शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को 25 दिनों बाद जमानत मिली थी। जिसको लेकर सोशल मीडिया पर तमाम तरह की प्रतिक्रिया दी गई थी।