उत्तर प्रदेश चुनाव से ऐन पहले अखिलेश यादव ने अपना इत्र लॉन्च किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘समाजवादी इत्र’ नाम से एक परफ्यूम लॉन्च कर दिया है। इत्र को कन्नौज से एसपी एमएलसी पुष्पराज जैन ने तैयार किया है। उनका कहना है कि इसमें कश्मीर से कन्याकुमारी तक से जुटाए गए 22 नेचुरल परफ्यूम का प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि इस इत्र के इस्तेमाल से समाजवाद की सुगंध महसूस की जा सकेगी।
इत्र के डिब्बे में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ पार्टी के चिन्ह और रंग हैं। बॉक्स के पीछे सपा एमएलसी ने अपना नंबर भी दिया है। इत्र की बोतल लाल और हरे रंग में है। इस पर समाजवादी पार्टी और साइकिल का चिन्ह भी है।
लखनऊ में इत्र लॉन्च करने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि इस परफ्यूम की खुशबू का असर 2022 में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि 2022 में यूपी में सपा की सरकार बनने वाली है। उन्होंने बीजेपी सरकार से पूछा कि नोटबंदी इससे देश को कितना लाभ हुआ है। जनता ने नोटबंदी के कारण बड़ी मुश्किलें झेली हैं। कतारों में खड़े होने के कारण कई लोगों की मौत भी हो गई। देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो गई और करोड़ों लोग बेरोजगार हो गए। आज लोगों को यह जानने का हक है कि इससे आखिर देश और जनता को क्या मिला?
उधर, सपा एमएलसी पुष्पराज जैन ने कहा कि इस परफ्यूम से 2022 में नफरत खत्म होगी। इसे तैयार करने में 4 महीने का समय लगा। इसे दो वैज्ञानिकों ने तैयार किया है। इसे लगाने से भाईचारा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस परफ्यूम में 22 तरह के नेचुरल परफ्यूम का इस्तेमाल इसलिए किया गया है, जिससे देश में फैली नफरत को खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस परफ्यूम के बाद एक और नेचुरल परफ्यूम बनाने की तैयारी की जा रही है, जिसे 2024 में लॉन्च किया जाएगा।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने 12 अक्टूबर को कानपुर से ‘विजय रथ यात्रा’ के साथ राज्य में अपने अभियान की शुरुआत कर दी है। अखिलेश यादव ने बड़ी पार्टियों के साथ गठजोडजड न करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सपा का कांग्रेस या बसपा के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। भाजपा जानती है कि सपा असली चुनौती है। वह लोगों को बरगलाने के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के बारे में गलत धारणा बनाने की कोशिश में है।
