यूट्यूबर गौरव तनेजा इन दिनों सोशल मीडिया की सुर्खियों में छाए हुए हैं। मेट्रो स्टेशन पर अपने जन्मदिन मनाने के दौरान भीड़ इकट्ठा करने के आरोप में उन्हें नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जमानत मिलने के बाद सोशल मीडिया पर उन्होंने एक ऐसा कमेंट किया। जिस पर यूजर्स मजे लेने लगे।
गौरव तनेजा का ट्वीट : उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि थप्पड़ से डर नहीं लगता साहब, बीवी की सरप्राइस प्लानिंग से लगता है। # जन्मदिन। उनके द्वारा किए गए इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह के रिएक्शन देते हुए मजे ले रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि इस जन्मदिन को आप कभी भी नहीं भूल पाएंगे वहीं कुछ लोगों ने कहा कि ऐसी घटनाओं से कुछ सीखना चाहिए।
यूजर्स के रिएक्शन : केशव नाम के एक यूजर ने लिखा – आप तो इस मोमेंट को भी गजब ही इंजॉय कर रहे हैं। सर्वेश नाम के एक यूजर द्वारा लिखा गया, ‘यह बहुत ही फनी है लेकिन जेल से आने के बाद आपको भी बहुत कुछ सीखने को मिला होगा।’ आयुष्मान नाम के यूजर ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया कि अपने इस जन्मदिन को आप कभी भी नहीं भूल पाएंगे। गजब का सरप्राइज दिया गया है। वहीं कुछ लोग मजेदार मीम्स भी शेयर कर रहे हैं।
जानिए पूरा मामला : फ्लाइंग बीस्ट के नाम से सोशल मीडिया पर मशहूर यूट्यूबर गौरव तनेजा 9 जुलाई की दोपहर नोएडा सेक्टर – 51 मेट्रो स्टेशन पर अपना जन्मदिन मनाने आए थे। इस दौरान उन्होंने धारा – 144 का उल्लंघन किया और काफी संख्या में भीड़ इकट्ठा कर ली थी। मेट्रो स्टेशन पर भीड़ इकट्ठा हो जाने के कारण वहां पर अफरा-तफरी मच गई थी। इस घटनाक्रम के बाद नोएडा पुलिस ने गौरव तनेजा को गिरफ्तार कर लिया था। बता दें कि मेट्रो स्टेशन पर बर्थडे बनाने की जानकारी उनकी पत्नी रितु राठी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी थी।
सोशल मीडिया पर मशहूर हैं गौरव तनेजा : गौरव तनेजा और उनकी पत्नी के मशहूर होने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके यूट्यूब पर लगभग 75 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। इंस्टाग्राम पर भी गौरव तनेजा को 30 लाख लोग फॉलो करते हैं और ट्विटर पर 7 लाख से अधिक फलोवर्स हैं। गौरतलब है कि गौरव तनेजा कामर्शियल पायलट, सर्टिफाइड न्युट्रिशियन एक्सपर्ट और एक पेशेवर बॉडी बिल्डर हैं।