उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के सदर सीट से विधायक अदिति सिंह ने हाल में ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन की है। नई पार्टी में शामिल होने के बाद से ही अदिति कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर हमला बोलते नजर आ रही हैं। अब कांग्रेस के खिलाफ बोलती नजर आने वाली अदिति बीजेपी पर भी निशाना साधती रहती थी।
आज तक न्यूज़ चैनल के एक शो के दौरान महिलाओं के मुद्दे पर चर्चा हो रही थी। जिसमें अमेठी सीट से BJP विधायक गरिमा सिंह ने महिलाओं को लेकर कहा था कि नैतिकता सबसे जरूरी चीज है। अगर बड़े नैतिकता वाला आचरण दिखाएंगे तो छोटे बच्चे भी उनसे जरूर सीखेंगे। इसके साथ उन्होंने कहा था कि सरकार तो ऐसे विषय पर ध्यान दे ही रही है लेकिन हमारी बच्चियों को भी अपनी वेशभूषा पर ध्यान देना चाहिए।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए गरिमा सिंह ने कहा था कि आज हमारे समाज में लड़कियों को वेशभूषा पर ध्यान देना बहुत जरूरी हो गया है क्योंकि समाज का पतन हो गया है। लड़कियां ऐसे खुले कपड़े न पहने जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़े। गरिमा सिंह की बात पर अदिति सिंह ने कहा था कि मैं इनके बयान से बिल्कुल भी सहमत नहीं हूं। यह लोगों की बहुत रूढ़िवादी सोच है।
अदिति ने कहा था कि जब महिलाओं के मुद्दे पर बात होती है तो उसमें कपड़ों की बात जरूर आ जाती है। हमेशा इस बात पर सवाल खड़े किए जाने लगते हैं कि लड़की ने क्या पहना… क्या खाया.. किसके साथ गई? क्या जरूरी है कि आप साड़ी पहन कर निकले तभी आपको गंभीरता से लिया जाएगा? इस सवाल पर अदिति ने कहा था कि यह समाज की सोच बना दी गई है।
उन्होंने एक किस्सा साझा करते हुए बताया था कि मैं विधायक बनने के बाद अपने 18 साल के भाई के साथ एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थी। उसके बाद मुझे बहुत सारे फोन आने लगे थे जिसमें केवल ये पूछा जा रहा था कि किस लड़के के साथ तुम खाना खाने गई थी।