अभिनेता/क्रिटिक कमाल आर खान मुसीबत में फंस गए हैं। मुंबई एयरपोर्ट से उन्हें विवादित ट्वीट के लिए गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें एक महिला से छेड़छाड़ के आरोप में भी गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उन्हें महिला से छेड़छाड़ मामले में जमानत मिल गई है लेकिन अभी वह जेल में रहेंगे क्योंकि विवादित ट्वीट पर उन्हें जमानत नहीं मिली है। अब कमाल खान के बेटे ने ट्वीट कर देवेंद्र फडणवीस से मद मांगी है। खबरों की मानें तो KRK को दोनों मामले में जमानत मिल गई है और जल्द ही वह जेल से बाहर आ सकते हैं।
कमाल आर खान के बेटे ने किया ट्वीट
कमाल आर खान के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया, “मैं केआरके का बेटा फैसल कमाल खान हूं। मुंबई में मेरे पिता को मारने के लिए कुछ लोग प्रताड़ित कर रहे हैं। मैं 23 साल का हूं और लंदन में रह रहा हूं। मुझे नहीं पता कि मैं अपने पिता की मदद कैसे करूं। मैं अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख और देवेंद्र फडणवीस जी से मेरे पिता की जान बचाने का अनुरोध करता हूं। मैं और मेरी बहन उसके बिना मर जाएंगे।”
लोगों से की अपील- मेरे पिता की जान बचाने में मदद करें
इसके साथ ही कमाल खान एक बेटे फैसल ने लिखा है कि मैं जनता से भी अनुरोध करता हूं कि मेरे पिता की जान बचाने के लिए उनका समर्थन करें। हम नहीं चाहते कि वह सुशांत सिंह राजपूत की तरह मरें। बता दें कि KRK इस वक्त जेल में बंद हैं जबकि उनका परिवार लंदन में हैं।
केआरके को 30 अगस्त को मुंबई एयरपोर्ट से पुराने विवादित ट्वीट्स के संबंध में दर्ज हुई एफआईआर की वजह से गिरफ्तार कर लिया गया था। जिसके बाद बोरीवली मजिस्ट्रेट कोर्ट ने केआरके को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद उन पर एक 27 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया था कि फिल्मों में काम दिलाने के बहाने उसे KRK ने बंगले पर बुलाया था। शिकायत पर KRK को गिरफ्तार कर लिया गया।
कमाल आर खान, बॉलीवुड के अभिनेताओं और अभिनेत्रियों पर अपनी टिप्पणी को लेकर खूब विवादों में रहते हैं। राजनीति पर भी KRK टिप्पणी करते रहते हैं। जानकारी के अनुसार, कमाल आर खान लंबे वक्त से दुबई में रह रहे हैं लेकिन किसी काम से जब मुंबई पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और अब उन पर दो केस चल रहे हैं। महिला से छेड़छाड़ मामले में उन्हें जमानत मिल गई है लेकिन विवादित ट्वीट के मामले में वह अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं। खबरों की मानें तो उन्हें विवादित ट्वीट मामले में भी जमानत मिल गई है और जल्द ही वह बाहर आ जाएंगे।