Google पर जब कुछ सर्च करते हैं तो उसके लाखों रिजल्ट आते हैं। इनमें से ज्यादातर रिजल्ट वही होते हैं जिसके बारे में आप सर्च कर रहे होते हैं। अब एक टेक्निकल क्विर्क सामने आया है कि जब गूगल पर “India first PM” टाइप करके सर्च कर रहे हैं तो पेज पर सबसे पहले नाम तो पंडित जवाहर लाल नेहरू का आ रहा है लेकिन फोटो भारत के वर्तमान पीएम नरेंद्र मोदी की आ रही है। हालांकि नीचे जो बातें आ रही हैं वह भी पंडित जवाहर लाल नेहरू के बारे में ही आ रही हैं। हालांकि ऐसा कब से हो रहा है इसके बारे में नहीं पता है, लेकिन सोशल मीडिया पर अचानक ही 25 अप्रैल को लोग इसे सर्च करने लगे।

दरअसल ट्विटर पर एक यूजर ने इसका स्क्रीनशॉट ट्वीट किया। इसके बाद लोग इसे सर्च करने लगे। इसके बाद लोग खुद सर्च करने के बाद इसके स्क्रीनशॉट लेकर खुद सोशल मीडिया में डाल रहे हैं। इसके साथ ही सब सवाल भी कर रहे हैं कि ऐसा क्यों? कुछ यूजर्स ने गूगल को टैग किया है तो कुछ ने वर्ल्ड वाइड वेब की साजिश करार दिया है। यूजर ने ट्वीट किया कि गूगल सर्च में ऐसे ही “india first pm” टाइप किया तो रिजल्ट ये आया।  गूगल भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जगह नरेंद्र मोदी की तस्वीर दिखा रहा है। यह गूगल की बहुत बड़ी गलती है। वहीं एक यूजर ने पूछा है कि क्या यह गूगल की गलती है।