आजकल युवाओं में बालों को रंगने का चलन बहुत तेजी से बढ़ रहा है। कुछ युवा सिर्फ लटें रंगवाते हैं। तो कुछ आधे बालों को रंग करवाते हैं। तो वहीं कुछ लोग बाल सफेद हो जाने पर रंगते हैं। अब बालों को रंगना मजबूरी नहीं, फैशन बन गया है। सिर्फ फैशन नहीं, यह आत्मविश्वास का मामला भी है। नेता हो या अभिनेता, सभी को बाल रंगना खूब भा रहा है। समय के साथ सभी खुद को स्टाइलिश बनाने की कोशिश कर रहे हैं। आजकल युवा खुद को पाश्चात्य धज देने के लिए भी बालों को रंग रहे हैं। अपने मनपसंद रंग में बालों को आप रंगवा सकते हैं। पर, बाल रंगवाने से पहले ध्यान रखें ये बातें :
चेहरे के अनुकूल
बालों को रंगवाते समय अपने चेहरे के रंग का भी ध्यान रखें। आपके चेहरे के अनुसार कौन-सा रंग आप पर अच्छा लगेगा, यह भी ध्यान रखें। कई बार कुछ लोग सेलिब्रिटीज को देख कर बाल रंगवाते हैं। लेकिन इस तरह के निर्णय कई बार आपको पछतावे में डाल सकते हैं। इसलिए अपने मिजाज के अनुसार ही बालों में रंग करवाएं।
बाल रंगवाने से पहले लें सलाह
किसी भी नए काम की शुरुआत करने से पहले उससे संबंधित लोगों की सलाह भी ले लेनी चाहिए। इसलिए अगर आप पहली बार बालों को रंगवाने जा रहे हैं तो दूसरों से सलाह जरूर ले लें।
आंखों का रखें खयाल
अगर आप बालों को रंग रहे हैं, तो अपनी आंखों का विशेष खयाल रखें। ध्यान रखें कि जो रंग आप कर रहे हैं वह आपकी आंखों में न जाए। अगर गलती से आंख में रंग चला जाता है तो साफ पानी से आंखें धो लें। अगर ज्यादा परेशानी हो तो डॉक्टर को दिखाएं।
खुद करें देखभाल
अगर आपने बालों में एक बार रंग करवा लिया है तो उनकी देखभाल भी जरूरी है। आपको कुछ सावधानियां भी बरतनी होंगी। जो सावधानियां आपको बताई गई हैं उनका पालन करें। बाल रंगवाने से पहले यह निर्णय खुद से पहले ही कर लें।
एलर्जी हो तो न करवाएं रंग
कई लोगों की त्वचा संवेदनशील होती है। वह कुछ रसायनों को स्वीकार नहीं कर पाती। दाने नकिलने लगते हैं, कुछ लोगों को फफोले तक पड़ जाते हैं। ऐसे में अगर आपको एलर्जी है, तो बालों में रंग न करवाएं। एलर्जी की समस्या होने पर अमोनिया युक्त डाई करने से बचना चाहिए। इसके बदले में प्रोटीन युक्त डाई का प्रयोग करें। बाकी, आप जब भी बालों को रंग करवाएं, तो किसी विशेषज्ञ की राय जरूर ले लें।
नुकसान
फैशन के साथ-साथ अगर सावधानी भी बरती जाए, तो सेहत ठीक रहती है। एक तरफ युवा बालों में रंग करवाने के लिए आतुर हैं, तो दूसरी तरफ इसके कई नुकसान भी हैं।
त्वचा संबंधी परेशानियां
अगर आपने बालों में स्थायी रंग करवा लिया है तो त्वचा संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। इसलिए आप अस्थायी रंग ही करवाएं।
बालों की कोमलता में कमी
बालों में बार-बार या परमानेंट रंग करवाने से बालों की कोमलता खत्म होती चली जाती है। और अगर आपके बाल ठीक-ठाक हैं तो बालों में ज्यादा रंग करवाने की वजह से जल्दी ही सफेद होने लगते हैं। इसलिए बालों को रंगवाने से बचें।
बालों का टूटना
जो भी रंग बालों में कराए जाते हैं उनमें अमोनिया की मात्रा अधिक होती है। यह अमोनिया बालों के प्रोटीन को खत्म कर देता है। इस वजह से बाल जल्द ही टूटने लगते हैं।
विकास में रुकावट
बालों में बार-बार तरह-तरह के रंग करवाने से बालों का विकास रुक जाता है। बालों का बढ़ना मुश्किल हो जाता है। अगर बाल झड़ रहें हैं या गंजापन हो रहा है तो थोड़े समय के लिए बालों को न रंगें।
कैंसर
अगर आपने परमानेंट हेयर डाई का प्रयोग किया है, तो उससे आपको ल्यूकेमिया या लिंफोमा जैसे रोग हो सकते हैंं। अगर ज्यादा गहरे रंग का प्रयोग किया जाता है तो कैंसर का खतरा अधिक बढ़ जाता है। इसलिए इसके गंभीर परिणामों से पहले ही सावधान हो जाएं।
