चहक महक

चहक चहक कर
महक महक कर
फूली कलियां
चहकी चिड़ियां।

दूर गगन में
पंख पसारे
चिड़िया धीरे
उड़ जाती है।
कली फूल बन
वहीं डाल पर
रह जाती है।

उससे मिलने
दूर गगन से
चिड़िया फिर उड़ कर
आती है।

तिनका तिनका

तिनका तिनका
चुन कर लाई
चिड़िया एक
चहकती आई।
उड़ कर आई
मुड़ कर आई।
फिर घर उसने
एक बनाया।
तिनकों से क्या
खूब सजाया।
देखो भाई
देखो भाई।
चिड़िया एक
चहकती आई।

हरी घास है

हरी घास है
आसपास है।
नरम नरम है
सुंदर सुंदर
चलती इस पर
चिड़िया धीरे
सुबह सबेरे।
फिर उड़ जाती
उड़ कर आती।
प्यारी उसको
हरी घास है।
हरी घास है
आसपास है।