अनुजा भट्ट
फैशन में हर बार कुछ ऐसा होता है जिसे हर कोई अपनाता है। अभी पिछले साल पामपाम फैशन में था। पहनावे से लेकर चप्पलों तक, घर की सजावट ले लेकर जूड़े तक। हर जगह यह अपनी खास अदा के साथ मौजूद था। अब पामपाम की जगह चुन्नटों ने ले ली है। ये चुन्नटें कई तरह से बनती हैं। कहीं यह परत दर परत बनती है, तो कहीं आड़े-तिरछे। कहीं चुन्नटें अलग-अलग किस्म की आकृतियां बनाती हैं, तो कहीं एकदम सादा। कहीं भड़कीले रंगों के साथ सजती हैं, तो कहीं हल्के रंगों के साथ मेल करती हैं। कभी कुर्ते में, तो कभी साड़ी में, कभी लंहगे में, कभी ब्लाउज में, तो कभी बैग या पर्स में भी। लंबी कुर्ती हो या ब्लाउज, इनके आकर्षण का मुख्य केंद्र है अलग-अलग तरह से चुन्नटों का प्रयोग। गले के डिजाइन से ज्यादा जोर इस बार कंधों को आकर्षक बनाने में किया जा रहा है। चूड़ीदार पैजामा और अंगरखा स्टाइल के कुर्ते की मांग इस मौसम में सबसे ज्यादा है।
उत्सव और शादी-ब्याह के इस मौसम की जानकारी सभी के पास है और सभी इस मौके पर सुंदर दिखना चाहते हैं। अपनी अलमारी को सहजने का यह सुंदर मौका है। और आप भी चाहेंगे कि आपके पहनावे में नयापन हो। लेकिन, जब आपकी नजर पुरानी कढ़ाई वाले लंहगे और नीरस-सी दिखने वाली शेरवानी पर पड़ती है, तो आप मायूस हो जाते हैं। यह बहुत स्वभाविक है। यह सब आपके साथ ही नहीं हो रहा है। कहने का अर्थ यह है कि इस तरह की परेशानी आपकी अकेले की नहीं है। पर आपको बता दें कि आजकल के युवा पहले से अधिक प्रयोग करने के इच्छुक हैं।
बदलाव के लिए सबसे पहला प्रयोग हम रंगों के साथ ही करते हैं। फैशन में रंगों का महत्त्व हमेशा रहा है। रंग और पहनावे के शिल्प में थोड़ा-बहुत परिवर्तन करके आप अपने परिधान को नई सजधज के साथ पहन सकते हैं, जिसे लोग पसंद भी कर रहे हैं। अब भी शादी-ब्याह के मौके पर लोग परंपरागत परिधान को ही महत्त्व देते हैं। इसलिए एक तरफ, शरारा और गरारा जैसी पोशाक दुबारा से फैशन में छाई हुई है, पर देखने वाली बात यह है कि शरारा और गरारा के चमकीले रंगों की जगह अब गैर-परंपरागत रंग पसंद किए जा रहे हैं। चमकीले की जगह हल्के रंगों ने ले ली है। पहनावे में कई तरह के शिल्प और कलाकारी का प्रयोग एक साथ है। घेरदार पहनावे में चुन्नटों का प्रयोग भी है।
कंधा है खास
डिजाइनर प्रिया कटारिया पुरी कंधों पर ध्यान आकर्षित करने के लिए धनुष, कपड़े के फूल, पंख, फ्रिंज और पफ आस्तीन जैसे सजावट चुनने का सुझाव देती हैं, जबकि ब्लॉगर ब्रिंडा शाह कंधों के डिजाइन के लिए कढ़ाई, पैड और अन्य सजावट की पेशकश करती हैं।
फैशन डिजाइनर बर्बर कहती हैं कि शादी के इस मौसम में बहुत ज्यादा कसीदाकारी वाली शेरवानी पसंद किए जाने की उम्मीद कम ही है। कुर्ता और स्लिमकट शेरवानी इस मौसम में खास है। अलीगढ़ी शेरवानी और अलीगढ़ी पैंट फैशन में है। शेरवानी की उंचाई पहले से कम है।
इसकी एक वजह यह है कि कोई भी खुद को बोरियत भरे अहसास के साथ नहीं देखना चाहता। नए रंग, नई सजधज का दिवाना हर कोई है, चाहे वह पुरुष हो या स्त्री।
डिजाइनर अर्पिता मेहता कहती हैं कि अपने लंहगे को आकर्षक बनाने का एक और आसान तरीका है। अपने चोली या ब्लाउज के ऊपर एक केप या पोंचो पहन लें। केप और पोंचो दोनों ही इस समय खूब पसंद किए जा रहे हैं।
लहंगे के साथ स्कर्ट
इन दिनों चुन्नटदार लंहगे के साथ स्कर्ट भी खूब चल रही है। साड़ी पहनने का अंदाज अब पूरी तरह बदल चुका है। स्कर्ट और ढीले-ढाले पैजामे पसंद करने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है, तो साड़ी को भी आरामदायक बनाने की कोशिशें तेज हुई हैं। फैशन में चुन्नदार साड़ी आई, जो काफी लोकप्रिय हो रही है। चुन्नटों का प्रयोग सिर्फ परंपरागत परिधानों में नहीं हुआ है, आधुनिक परिधान भी इससे खूब सजे हैं। 1990 में भी यह फैशन में आया था, पर तब लोगों ने इसे ज्यादा पसंद नहीं किया। पर इस बार इसके कद्रदानों में फिल्मी हस्तियां भी शामिल हैं। पल्लू में छोटी चुन्नट और प्लेट्स के सामने वाले हिस्से में बड़ी चुन्नटों का प्रयोग इसे अभिनव बना रहा है। इस तरह की साड़ी जार्जेट और शिफान में पसंद की जा रही है।
लंबी आस्तीन
साड़ी के साथ अब लंबी बाजू वाले ब्लाउज का फैशन है। कह सकते हैं कि 1990 के दशक का फैशन नई सजधज के साथ लौटा है। लेकिन यह आस्तीन सादा नहीं है। इसमें भी चुन्नटों का प्रयोग है और ऊपर से यह फूली हुई है। इसे पफ स्टाइल कहा जाता है।
चूड़ीदार पैंट के साथ साड़ी
साड़ी अब भी लोकप्रिय हैं, बस इसे अब पेटीकोट के बजाय चूड़ीदार पैंट के साथ पहना जा रहा है। यह पेंट साड़ी के साथ दिखाई देती है। इसके साथ आप आर्टिफिशियल ज्वैलरी पहन सकती हैं। जिस साड़ी का चुनाव करें, वह हल्के कपड़े में होनी चाहिए। पीला, लाल और नीला रंग इस बार फैशन में हैं। इसके हल्के और गहरे शेड में से आप कुछ भी चुन सकते हैं।
अगर भारी, अत्यधिक सजावट वाले लहंगे देख कर आप अटपटा महसूस कर रहे हैं और आपको नवंबर की सर्दी में भी गर्मी का अहसास हो रहा है तो आप अपने लिए गहरे रंग के लंहगे का प्रयोग करें और उसके साथ फूलों के प्रिंटवाली जैकेट पहनें। पुरुष भी फूल के प्रिंट वाली जैकेट पहन सकते हैं। चुन्नटों वाले लंहगे और साड़ी इस समय का नवीनतम फैशन है, एक बार आप भी आजमाएं। प्लाजो को करें विदा और शरारा-गरारा को करें नमस्ते। जी हां, यह चलन में है इन दिनों। इसके साथ ही आप लंबी या छोटी जैकेट भी पहन सकती हैं। साड़ी के साथ कोट ब्लेजर या जैकेट भी इन दिनों खूब पसंद की जा रही है। तो आप भी इस मौसम में सजने-संवरने के लिए तैयार हो जाइए। क्रिसमस से लेकर शादी तक के निमंत्रण-पत्र तैयार हो चुके हैं। बस आप अपने निमंत्रण-पत्र का इंतजार कीजिए।
