कुछ पहनावे कभी पुराने नहीं पड़ते यानी उनका चलन हमेशा बना रहता है। अंतर आता है, तो उनकी कटाई-सिलाई-कढ़ाई की वजह से। सलवार-सूट एक ऐसा ही पहनावा है, जो बरसों से महिलाओं का पसंदीदा बना हुआ है। पहनने में तो यह आरामदेह होता ही है, फैशन के मुताबिक भी यह हर मौके पर अपनी पहचान छोड़ता है। अगर शरीर की बनावट और अवसर के अनुसार सलवार-सूट दुपट्टे का चुनाव किया जाए, तो इससे व्यक्तित्व को निखार भी मिलता है। सलवार-सूट की कई शैलियां और परंपराएं हैं, बता रही हैं दीप्ति अंगरीश।
कुछ चीजें सदाबहार होती हैं। कभी उनका समय नहीं जाता है। हर समय उनका जलवा होता है। जब बात पहनावे की हो तो सलवार-सूट का कोई तोड़ नहीं है। हिंदुस्तान के किसी भी क्षेत्र में जाएं, आपको यह पहनावा दिख जाएगा। असल में, यह कोई नई पोशाक नहीं है। कहा जाता है कि इसका ईजाद हमारे भारत में ही हुआ है।
आज हम भले इक्कीसवीं सदी में होने पर इठलाते हों, लेकिन यह पता होना चााहिए कि आजादी से पहले भी महिलाएं सलवार-सूट पहनती थीं। आज भी हरेक उम्र और तबके की महिलाओं की पहली पसंद सलवार-सूट होता है। साल-दर-साल इसमें सिर्फ स्टाइलिंग का अंतर रहता है। बाकी इसका मूल रूप पुराने जैसा ही है। यानी कमीज, सलवार और दुपट्टा। कुल तीन भागों में विभाजित सलवार-सूट आराम के कारण ही लोकप्रिय है। यही वजह है कि हरेक उम्र की महिलाओं, कामकाजी महिलाओं, कॉलेज जाने वाली लड़कियों, बॉलीवुड अभिनेत्रियों की पहली पसंद है।
अनारकली सूट
अनारकली सूट में कमीज की लंबाई एड़ियों तक होती है, घेर बेतहाशा, जिसे चूड़ीदार और दुपट्टे के साथ पहना जाता है। भले यह आजकल चलन में है, लेकिन इसका रिवाज बॉलीवुड फिल्म मुगल-ए-आजम के बाद लोकप्रिय हो गया है। इस रिवाज के चलन में रहने की वजह से इसे सूट की सदाबहार शैली कहना गलत नहीं होगा। आपको किसी विवाह या अन्य समारोह में शरीक होना है और हट कर दिखना है, तो अनाकली सूट पहनिए, क्योंकि इसमें समाहित हैं पारंपरिक और आधुनिक अभिव्यंजनाएं।
स्टाइलिंग- फ्रॉक स्टाइल अनारकली और ए-लाइन अनारकली सूट, शरीर के हर आकार पर फबता है। रॉयल लुक के लिए फर्श की लंबाई वाले अनारकली सूट का चयन करें। पतला और लंबा दिखाती है सूट की यह शैली।
प्लाजो सूट
आरामदायक होने के साथ-साथ प्लाजो सूट पश्चिमी और भारतीय फैशन का सामंजस्यपूर्ण मिश्रण है। असल में प्लाजो सूट के साथ स्ट्रेट कट की कमीज और घेरदार और बड़ी मोेरियों वाला पायजमा पहना जाता है। सूट की शैली बॉलीवुड की मशहूर हस्तियों से लेकर हर तबके की महिलाओं में प्रचलित है।
स्टाइलिंग- प्लाजो पैंट में कई विविधता बाजार में उपलब्ध है, जैसे प्लीट प्लाजो, स्लिट प्लाजो और ट्राउजर स्टाइल प्लाजो। इन विवधि प्लाजो पैंट के साथ छोटे और पूरी लंबाई के कुर्ते अच्छे लगते हैं। अगर आप प्लाजो के साथ कम लंबाई की कमीज पहन रही हैं, तो कोशिश करें कि कमीज के दामन में हट कर कट-स्टाइल हो। सूट की यह शैली अनौपचारिक और औपचारिक दोनों अवसरों के लिए एक आदर्श पोशाक है। वैसे प्लाजो सूट लंबी और नाशपती की शारीरिक आकार वाली महिलाओं पर फबता है। घेरदार और बड़ी मोरी वाला प्लाजो कूल्हों और जांघों को ढांपता है।
पंजाबी सूट
सलवार-सूट में विवधता इसी शैली से विकसित हुई है। खालिस पंजाबी सूट में कमीज की लंबाई घुटने या पिंडलियों तक होती है, जिसे प्लीटेड सलवार और दुपट्टे के साथ पहना जाता है। सूट की लंबाई कितनी भी हो, फिटिंग चुस्त होती है।
स्टाइलिंग- इसमें कंट्रास्टिंग अच्छी लगती है। यानी दुपट्टे और सलवार का एक ही रंग, कमीज से विषम हो। इसमें कपड़े, गहरे रंग, कढ़ाई, सितारे, गोटा, किनारी के उपयोग से इसे खास मौकों का पहनावा बनाया जा सकता है। यह हर आकार की शारीरिक बनावट पर फबता है।
पटियाला सूट
पटियाला सूट भी एक प्रकार का पंजाबी सूट है। बस अंतर है सलवार का। पटियाला सलवार में कमर से शुरू होती सिलवटें टांगों के आगे और पीछे दिखती हैं। या यों कहें कि पटियाला सूट की शान है सलवार।
स्टाइलिंग- पटियाला सूट के साथ कढ़ाईदार दुपट्टे को कॉलेज पार्टी, किटी पार्टी, तीज-त्योहार, सगाई, संगीत आदि में पहन सकते हैं। यह स्ट्रॉबेरी के आकार की शारीरिक बनावट वाली महिलाओं पर जंचता है।
धोती सूट
धोती सूट एक पारंपरिक पहनावा है। यह उत्तर और मध्य भारत में काफी लोकप्रिय है। पारंपरिक रूप धोती सलवार बिना सिलाई की होती है, जिसे लपेटा इस तरह जाता है कि ढीली पैंट प्रतीत होती है। वहीं आजकल धोती सलवार प्री-स्टिच आती है। जिसे कम लंबाई वाली कमीज के साथ पहना जाता है। धोती सलवार में कई चुन्नट होती हैं, जो यू शेप बनाते हुए आगे से पीछे की तरफ जाती हैं।
स्टाइलिंग- विदाई समारोह से लेकर मेहंदी-संगीत के मौकों पर पेपलम कुर्ता के साथ धोती सलवार पहनें। यकीनन हट कर नजर आएंगी। सूट की यह शैली पतली शारीरिक बनावट वाली महिलाओं पर फबती है।
शरारा सूट
यह पहनावा काफी हद तक प्लाजो सूट जैसा है। इसमें सूट को कमीज, ढीली पैंट और दुपट्टे के साथ पहना जाता है। इसमें पैंट जांघों तक चुस्त होती है और घेर घुटने के बाद बढ़ता ही जाता है। जहां यह पोशाक आरामदायक है, वहीं फैशनेबल भी।
स्टाइलिंग- आपकी जांघें और पिंडलियां मोटी हैं, तो शरारा सूट आप पर फबेगा। यह सूट ऊंची या मध्यम ऊंचाई वाली महिलाओं पर जंचती है। इस साल यह चलन में रहेगा।
पाकिस्तानी सूट
सलवार-सूट में आपको विवधता पसंद है तो पाकिस्तानी सूट आपको जरूर लुभाएंगे। इस सूट में कढ़ाई और डिजाइन अन्य सूटों से अलग होती है। वैसे इस शैली के सूट में फूल-पत्ती और निराकार लकीरों के डिजाइन को तरजीह दी जाती है। यह काफी हद तक पंजाबी सूट जैसा ही होता है। बस अंतर होता है फिटिंग का। इन सूट्स के सााथ स्ट्रेट कट सलवार, पटियाला सलवार, सिगरेट पैंट, ट्यूलिप ट्राउजर, समोसा पायजामा या साधारण ट्राउजर पहनी जाती है।
स्टाइलिंग- पाकिस्तानी सूट हर किस्म की शारीरिक बनावट पर अच्छे लगते हैं। इनमें गहरे और चमकीले रंग अच्छे लगते हैं। अगर आपके पेट, जांघे थुलथुली हैं तो इसे न पहनें।
चूड़ीदार सूट
चूड़ीदार एक किस्म की चुस्त पैंट है, जिसमें एड़ियों के ऊपर कपड़े की चूड़ियां डाली जाती हैं। चूड़ीदार सूट को पंजाबी सूट का एक आधुनिक विकल्प कह सकते हैं। दोनों में सूट की लंबाई कम होती है।
स्टाइलिंग- चूड़ीदार सूट में कमीज की लंबाई घुटने या पिंडलियों तक होती है। यह पोशाक सिर्फ पतली महिलाओं पर फबती है। कम कद की महिलाओं को चूड़ीदार में शून्य चूड़ियां या कम चूड़ियां पहननी चाहिए। अन्यथा कद और कम दिखेगा।
ट्राउजर सूट
इसमें स्ट्रेट कट (लंबाई घुटने या पिंडलियों तक) की कमीज को स्ट्रेट कट वाली पैंट के साथ पहना जाता है। इसे किसी भी मौके पर पहना जा सकता है। या यों कहें कि इंडो वेस्टर्न वियर का उम्दा नमूना है।
स्टाइलिंग- ट्राउजर सूट के साथ कमीज में चाइनीज कॉलर की नेकलाइन काफी सुंदर लगती है। इस सूट के साथ दुपट्टा न लें। सूट की फिटिंग न ही चुस्त हो और न ही ढीली। इस सूट के साथ मोतियों के आभूषण पहनें और ऊंची चोटी करें। दफ्तर में इसे पहन रही हैं तो कमीज की लंबाई घुटने या पिंडलियों तक रखवाएं। ट्राउजर सूट सिर्फ पतली या गठीली शारीरिक बनावट पर फबता है।
स्लिट सलवार-सूट
इस सूट की विधा में आगे की तरफ लंबा स्लिट होता है, जो कमर से शुरू होता है। इस तरह के सूट को लड़कियां दैनिक जीवन और दफ्तर में पहन सकती हैं। इस सूट में कमीज चुस्त और सीधी होती है, जिसे ट्राउजर, सिगरेट पैंट या चूड़ीदार के साथ पहना जाता है।
स्टाइलिंग- इस सूट को मैचिंग या कॉन्ट्रास्टिंग दुपट्टे और एक्सेसरीज के साथ पहनें। इस शैली का सूट लंबा और पतला दिखाता है। भीड़ में अलग दिखने के लिए यह सूट एकदम मुफीद है।
