सुमन बाजपेयी
बरसात यानी मानसून आते ही जहां एक तरफ फुहार में भीगने को मन करता है वहीं दूसरी ओर फैशन और स्टाइल ले लेती है कि ऐसा क्या पहना जाए जो आरामदेह रहे। कई बार कुछ महिलाएं बरसात में पहनावे को लेकर ऊहापोह में रहती हैं। इसलिए आइए, डालते हैं एक नजर इस बार चलन में रहने वाले मानसून के फैशन पर। मानसून में ऐसा स्टाइल अपनाएं, जो आपके व्यक्तित्व को निखारे, आप पर फबे और आप आराम भी महसूस करें। कुछ लोग बरसात में फैशनेबल बनने से कतराते हैं। उनका मानना है कि बरसात फैशन को धो देती है। लेकिन इस मौसम में भी आप खुद को युवा और तरोताजा व्यक्तित्व दे सकती हैं। मानसून फैशन में आए दिन नए बदलाव देखे जा सकते हैं। मानसून में कैप्रीज, रंग-बिरंगे स्लिपर्स, छाते, विंडशीटर और फ्लोअर ड्रेस का चलन इस बार अधिक दिखेगा। पारंपरिक पहनावे में आप कई तरह के कपड़ों के साथ प्रयोग कर सकती हैं। जैसे की शियर साड़ी पर टैंक टॉप्स, सलवार कमीज की जगह लो स्लंग बेल्ट के साथ ट्युनिक्स और टाइट्स पहन सकती हैं। इसके अलावा फ्लेयर्ड स्कर्ट के साथ स्टैपी टॉप और स्कार्फ बेहतर विकल्प हैं।
डिजाइनर विधि सिंघानिया के अनुसार इस बार मानसून में पेपलम टॉप्स पाश्चात्य के साथ पारंपरिक पहनावे भी वॉर्डरोब में शामिल होंगे। बेल और बबल स्कर्ट्स भी इस मानसून में चलन में रहेंगे। पेपलम एक डिजाइिनंग स्टाइल है, जिसमें टॉप, जैकेट या पहनावे में वेस्टलाइन से एक शॉट ओवर स्कर्ट या रफल जुड़ा रहेगा। यहां तक कि लहंगे के साथ प्रिंसेस लाइन पेपलम ब्लाउज भी फैशन में रहेंगे। ब्रोकेड और किमखाब पेपलम टाइल पारंपरिक टॉप के लिए उपयुक्त कपड़े हैं। इस स्टाइल की एक और खासियत यह है कि इससे वेस्टलाइन पतली लगती है।
चलन में पहनावे: डिजाइनर पायल घोष के अनुसार मानसून में बेल स्कर्ट्स भी चलन में रहेंगी। ये बॉडी हगिंग नहीं, स्ट्रक्चर्ड फैब्रिक से बनती हैं और इनकी स्टाइलिंग फूली-फूली होती है। इस मौसम में सलवार और पटियाला सलवार न पहनें। आप कुर्ती के साथ लेगिंग पहन सकती हैं। मानसून में घुटनों तक के आकार वाले जंपसूट चलन में रहेंगे। वहीं, टैंक टॉप के साथ घुटनों तक आकार वाले नी लेंथ के साथ स्कर्ट भी फैशन में रहेंगी। साथ ही सेमी जॉरजेट फैब्रिक में फ्लोरल और डिजिटल प्रिंट में ड्रेसेस भी देखने को मिलेंगी। शॉर्ट लेंथ ड्रेसेस के साथ कलरफुल फुटवेयर और वाटर पू्रफ ज्वेलरी चलन में रहेगी। वन पीस ड्रेस के साथ गम बूट्स और ट्रांसपेरट फुटवेयर का कांबिनेशन आकर्षक व्यक्तित्व देता है।
चमकीले रंगों का जलवा: इस बार चमकीले रंग ज्यादा देखने को मिलेंगे। इस मानसून फ्लोरोसेंट और चमकीले रंग जैसे गुलाबी, पीला, लाल, बैंगनी सबसे ज्यादा चलन में रहने वाले हैं। सफेद रंग को मानसून में न पहनें तो बेहतर है, क्योंकि यह रंग हल्की-सी बारिश में भी भीगने पर पारदर्शी हो जाता है। इन दिनों टील कलर बहुत पसंद किया जा रहा है। इसका चमकीला प्रभाव आकर्षित करता है। इसके अलावा ताजगी भरे रंगों जैसे कोरल, चेरी, वॉटरमेलन रेड, रॉयल ब्लू भी चलन में रहेंगे। आकर्षक व्यक्तित्व के लिए ग्रे, नेवी ब्लू या वाइन कलर का चुनाव करें। बैंगनी रंग भी इस मौसम में ताजगी का अहसास देता है। नारंगी, वाइन रेड, बैंगनी, समुद्री हरा, हल्का नीला और हल्का पीला रंग आप पहन सकती हैं।
अगर आपको चटक रंग के कपड़े पहनना पसंद नहीं है, तो ऐसे में काले रंग के परिधान आपकी मदद कर सकते हैं। आप काली टॉप और पतलून के साथ, हल्की चमक वाला रुपहला या सुनहला स्टॉल गले में डाल कर स्कार्फ स्टाइल में पहन सकती हैं।
कपड़ा: मानसून के दौरान डेनिम चलन से बाहर रहने वाला है, जबकि इसकी जगह कैप्री, नी-लेंथ पैंट और घुटने तक लंबाई के फ्रॉक चलन में रहेंगे। सूती, मिश्रित सूती, शिफॉन, जॉर्जेट, लेनिन फैब्रिक पहनना ही इस मौसम में ठीक रहता है, ताकि त्वचा पर कोई नुकसान न हो। मानसून में निखालिस सूती कपड़े के बजाय मिश्रित सूती यानी जिसमें पॉलिएस्टर भी मिला हो, ऐसे कपड़े पहनना अच्छा माना जाता है। इस मौसम में ऐसे कपड़ों का चयन करें, जो गीला होने पर जल्दी सूख जाएं। लंबाई वाले परिधान पहनना भी इस मौसम में सही नहीं है। पानी या कीचड़ से आपके कपड़े खराब हो सकते हैं, इसलिए इस मौसम में हल्के और छोटे आकार वाले कपड़े ही पहनें। पतले सूती कपड़ों का इस्तेमाल करें। मानसून में स्टाइलिश दिखने के लिए आप अपनी अलमारी में स्कार्फ भी रखें। जो भी ड्रेस पहनें उसके साथ एक मेल खाता हुआ रंगीन स्कार्फ या दुपट्टा जरूर साथ रखें। यह आपको अलग लुक तो देगा ही, साथ में आपकी थोड़ी-बहुत बारिश से भी सुरक्षा कर सकता है।
अन्य सामग्री: मानसून के फैशन में फ्लॉवर प्रिंट के बैग सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं। चमड़े से बने बैग की जगह जूट, कपड़े और रैग्जीन जैसे विकल्प चुनें। इसके अलावा आप वाटर प्रूफ बैग का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। बारिश में रेनकोट और छतरी बहुत जरूरी है। रेनकोट और छतरियों में भी आप फूलों वाले प्रिंट चुन सकती हैं। इस मौसम में चमड़े के जूते-चप्पल न पहने, क्योंकि ये जल्दी गीले होते हैं और सूखने में भी समय लगता है। इस दौरान बारिश के हिसाब से बाजार में जूते-चप्पल आते हैं। ये कई रंगों में मिलते हैं। हील्स और फिसलने वाले जूते-चप्पल न पहनें।