चिलचिलाती धूप और ऊपर से धूल भरी आंधी का सामना करना आंखों के लिए वाकई कष्टदायी होता है। आजकल गरमी के साथ-साथ लोगों को प्रदूषण और धूल भरी आंधी का भी सामना करना पड़ रहा है। सूरज से आने वाली अल्ट्रा वायलेट किरणें हमारी आंखों को बहुत नुकसान पहुंचाती हैं। गरमी की वजह से आखों में जलन, सूखापन, चुभन, खुजली और एलर्जी जैसी समस्याएं झेलनी पड़ती हैं। इस मौसम में शरीर के बाकी अंगों को कपड़े से ढंक कर और सनस्क्रीन क्रीम लगा कर सुरक्षित मान लिया जाता है। लेकिन आंखों के लिए कोई क्रीम नहीं है, जिससे इन्हें सुरक्षित और गरमी से बचाया जा सके। तो आइए जानते हैं कि इस भीषण गरमी में आंखों को कैसे बचाया जाए।

आंखों की मसाज

आंखें हमारे शरीर का सबसे नाजुक अंग होती हैं। शरीर के बाकी हिस्सों में अगर दर्द होता है, तो उसे खत्म करने के लिए हम मालिश करते हैं। ठीक इसी तरह गरमी के मौसम में आंखों को आराम देने के लिए उनकी मालिश करनी चाहिए। आंखों के आसपास बादाम रोगन से मालिश करें।

पानी से धोएं

गरमी का ताप इतना अधिक होता है कि आंखें गरम हो जाती हैं। वैसे आंखें ठंडक पसंद अंग हैं। इसलिए दिन में दो से तीन बार ठंडे पानी से आंखों को धोएं। इससे आंखों को आराम मिलेगा। रात को सोने से पहले आंखों में गुलाब जल डालें, इससे आंखों की गंदगी बाहर निकल जाती है और आंखों को ठंडक मिलती है।

खीरे का इस्तेमाल

कुछ मौसमी फल केवल खाने के लिए ही नहीं, बल्कि आपकी आंखों के लिए भी सेहतमंद होते हैं। ऐसा ही एक फल है खीरा। खीरे या ककड़ी के गोलाकार टुकड़े यानी स्लाइज काट कर आंखों पर लगाने से आंखों को ठंडक तो मिलती ही है साथ ही आंखों के नीचे आने वाले काले धब्बे भी खत्म होते हैं।

खूब पानी पीएं

गरमी में अगर आंखों में सूखापन आ जाता है, तो दिन में कम से कम दो लीटर पानी जरूर पीएं। एसी के सामने न बैठें। अगर आप एसी की सीधी हवा में बैठते हैं तो उससे आंखों में सूखापन और बढ़ जाता है।

धूप में कम निकलें

गरमी के मौसम में अव्वल तो बिना काम के घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। अगर आपको काम की वजह से बाहर निकलना भी पड़ रहा है, तो धूप का चश्मा जरूर पहनें। धूप का चश्मा हमेशा परा बैगनी किरणों से बचाने वाले खरीदें।

पूरी नींद लें

गरमी में आंखें तपिश से तो परेशान रहती ही हैं, अगर आपने पूरी नींद नहीं ली है तो आंखों की समस्या और बढ़ जाती है। जब हम पूरी नींद नहीं लेते हैं तो आंखें सूज जाती हैं, आंखों में जलन होने लगती है। अगर इन समस्याओं से निपटना चाहते

टोपी पहनें

तेज धूप से आंखों को बचाने के लिए सिर को ढक कर रखें। इसके अलावा जब भी धूप में कहीं बाहर जाते हैं तो टोपी पहन कर निकलें। इससे आंखों तक सूरज की रोशनी कम पहुंचेगी।

पौष्टिक भोजन लें

आपकी आंखों में जब भी कोई समस्या आती है तो डॉक्टर आपके भोजन के बारे में जरूर पूछते हैं। इसलिए सेहतमंद आंखों के लिए पौष्टिक भोजन लेना आवश्यक है। रोजाना ऐसा भोजन करें, जिसमें सभी तरह के पोषक तत्त्व हों।

आंखों में नमी बनाएं रखें

गरमी की तपिश और एसी की ठंडक आंखों की नमी को खत्म करती है। जब आंखों में सूखापन आता है, तो खुजली होने लगती है। इससे परेशानी और बढ़ जाती है। आंखों की नमी बनाए रखने के लिए हाथों को मल कर आंखों पर लगाएं और आंखों का व्यायाम करें। इससे आंखों की नमी बनी रहेगी।

आंखों को रगड़ें नहीं

अगर आंख में कोई तिनका गिर जाता है, तो उसे रगड़ें नहीं। इससे आंखों को नुकसान पहुंच सकता है। रगड़ने से बेहतर है कि आप आंखों पर हल्के पानी के छींटे मारें या अंजुली में पानी भर कर आंखों को उसमें डुबोएं। ऐसा करने से आपकी आंखों की समस्या खत्म होगी और आप स्वस्थ आंखें रख पाएंगे।