गरमी के मौसम में शरीर से पसीना अधिक निकलता है। झुंझलाहट बनी रहती है। कुछ खाने-पीने का चाव नहीं रहता, तपिश सताती है। गरमी का मौसम आते ही शरीर में अनेक तरह की परेशानियां साथ आती हैं। इस मौसम में लोग सबसे ज्यादा जिस समस्या से परेशान रहते हैं वह है पेट की समस्या। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स में सेवा दे चुके और वर्तमान में स्वामी दयानंद अस्पताल में जनरल फिजिशियन के रूप में कार्यरत डॉक्टर शंकर कुमार के मुताबिक पेट फूलना, सांस फूलना, छाती में हर समय जलन, घबराहट होना, डकार आना, गले में जलन होना आदि ऐसी समस्याएं हैं जो अक्सर पेट की गड़बड़ी की वजह से ही होती हैं। पेट में थोड़ी-सी भी परेशानी रात की नींद उड़ा देती है। इसके अलावा उल्टी, दस्त जैसी बीमारियों से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। पेट अगर दुरुस्त है, तो आपका मन खुश रहता है। गरमी के मौसम में पेट की गरमी भी बढ़ जाती है। पेट की गरमी बढ़ने पर अपच, पेट दर्द, पित्त का बढ़ जाना, गैस बनना आदि समस्याएं हो जाती हैं। गरमी के इस मौसम में सावधानी बरतें, तो आप खुद को पेट की समस्याओं से निजात दिला सकते हैं। चिलचिलाती धूप वाली गरमी के मौसम में आप ऐसे रखें पेट का खयाल :
मसालेदार भोजन न करें
डॉक्टर शंकर बताते हैं कि गरमी के मौसम में तापमान वैसे ही बढ़ा होता है। ऐसे में गरम खाद्य पदार्थों का सेवन किया जाएगा तो वे पेट के लिए नुकसानदेह होंगे। इसलिए जरूरी है कि इस मौसम में मसालेदार खाना न खाएं। इसके अलावा बाहर का खाना भी न खाएं।
तरल पदार्थों का सेवन
गरमी में शरीर का पानी बहुत तेजी से पसीना बन कर कम होता रहता है। इसलिए इस मौसम में तरल पदार्थों का सेवन ज्यादा करना चाहिए। इससे शरीर में पानी की कमी नहीं होती है। मगर ध्यान रखें कि बाजार से निकले फलों के रस का सेवन करने से बचें। दुकानों पर फलों का रस निकालने वाली मशीनों पर मक्खियां बैठती हैं और वे पीलिया जैसे रोग फैलाती हैं। इसलिए खरबूज, तरबूज, खीरा, ककड़ी जैसे रसीले फलों का सेवन अधिक से अधिक करें।
नींबू पानी करेगा मदद
गरमी में सेहत के लिए नींबू पानी बहुत फायदेमंद होता है। डॉक्टर शंकर बताते हैं कि अगर आप नींबू पानी भी पी रहे हैं तो घर का बना ही पीएं। स्वस्थ पेट के लिए सफाई का खयाल रखना भी जरूरी है।
धूप में निकलने से पहले पानी पीएं
जब भी आप घर से बाहर निकलें तो एक-दो गिलास पानी जरूर पीएं। इसके अलावा अगर बाहर हैं, तो नारियल पानी का सेवन करें। इन तरीकों को अपनाने से आप पेट को सेहतमंद रख सकते हैं।
पेट खाली न रखें
डॉक्टर शंकर कुमार के मुताबिक खाली पेट सेहत के लिए नुकसानदायक होता है। इसलिए जब भी घर से बाहर निकलें या घर में भी हों, तो खाली पेट न रहें। रात में ज्यादा देर से खाना न खाएं और रात में हल्का खाना ही खाएं। तरल पदार्थ के रूप में घर बनी लस्सी, सत्तू का घोल, शिकंजी या फिर फलों से बने शेक पीएं, इससे भोजन की कमी भी पूरी हो जाती है।
अगर पेट खराब हो जाए
गरमी में अगर आप अपने पेट का ठीक से खयाल नहीं रख रहे हैं तो इससे आपको कई तरह की समस्याएं पैदा हो सकती हैं। सावधानियां न बरतने पर पेट खराब हो जाता है। अगर पेट खराब हो जाए, तो बचाव के लिए निम्नलिखित उपायों कर सकते हैं-
ओआरएस घोल लें
उल्टी, दस्त, डायरिया आदि बीमारियों से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इस कमी को पूरा करने के लिए ओआरएस घोल पीएं। डॉक्टर शंकर बताते हैं कि गरमी में पेट की समस्याएं आम बात है। अगर आपका पेट खराब हो गया तो आप ओआरएस का घोल बना कर पीएं। इससे शरीर का निर्जलीकरण रुकेगा और जरूरी ऊर्जा मिलती रहेगी।
चिकित्सक की सलाह लें
अगर पेट की समस्या लगातार बनी हुई है, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें। हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है। उसकी पाचन क्षमता अलग होती है। इसलिए जरूरी नहीं कि हर दवाई हर व्यक्ति को लग जाए। इसलिए अगर आपकी पेट की समस्या ज्यादा बढ़ जाती है, तो समय रहते डॉक्टर से जरूर मिलें।

