दिवाली नजदीक है। इस त्योहार में घर की सफाई-रंगाई, सजावट आदि का काम कई दिन पहले से शुरू हो जाता है। हर किसी की इच्छा होती है कि दिवाली में उसका घर सुंदर और रोशन रहे। दिवाली में सजावट को सौभाग्य और खुशहाली से भी जोड़ कर देखा जाता है, इसलिए बाजारों में इस मौके पर सजावट के तरह-तरह के सामान उपलब्ध रहते हैं। इस दिवाली घर की सजावट में कैसे नए प्रयोग करें बता रही हैं सुमन बाजपेयी।
दिवाली आ रही है। घर को साफ-सुथरा कर सजाना है। यह वाकई ऐसा काम है, जिससे मन में एक उत्साह भर जाता है। लगता है कि घर एकदम जगमगाता रहे। हर बार एक अलग और नए अंदाज में घर सजाने का मन करता है। तो फिर देर किस बात की? चलिए, शुरुआत सफाई से ही करें। सबसे पहले बेकार चीजें फेंक दें। अगर रंगाई-पुताई कराने का वक्त नहीं है, तो कुछ नया करके ही घर को सजाया जा सकता है। आजकल एक नहीं, ढेरों स्टाइल हैं। पारंपरिक यानी पुराने और इन दिनों जो चल रहे हैं, दोनों ही चलन में हैं। पर फ्यूजन लुक का चलन ज्यादा है इन दिनों।
घर को करें रोशन
दिवाली पर साफ-सफाई, रंगाई-पुताई के बाद सबसे ज्यादा जोर लाइटों की सजावट पर रहता है। लाइटों की सजावट से आप घर को एकदम नया लुक दे सकते हैं। इसके कई तरीके हैं। सबसे अच्छा तो यह है कि राइस पेपर लालटेन बना लें। वे बहुत सुंदर लगती हैं। सजावटी लाइटें और एलईडी लाइटें भी जगह-जगह लगा सकते हैं। इस तरह की लाइटें अब बहुत मनमोहक और नए डिजाइनों में बाजार में मिल रही हैं। कमरों में रोशनी की कतारों के बीच आप चमकता हुआ सितारा, ओम या स्वस्तिक भी लटका सकती हैं। आजकल पेंट की हुई सजावटी खिड़कियां भी मिलती हैं, जिन्हें खिड़की के फ्रेम पर लगा सकते हैं। इन खिड़कियों पर गहरे रंगों से पेंटिंग बनी होती हैं। गणेश के आकार की पीतल की घंटियां अगर प्रवेश द्वार पर लगा दी जाएं, तो इसका मजा ही कुछ और है। इसमें परंपरा के साथ-साथ सज्जा का भी ये काम करती हैं। दीपावली का मतलब ही होता है दीपों की पंक्ति। ऐसे में भला मिट्टी के दीयों को कैसे भूला जा सकता है। वैसे अब डिजाइनर दीये भी मिलते हैं। आजकल पीतल और एल्यूमीनियम के दीये भी चलन में हैं। आप चाहें तो किसी ग्लास पॉट में फ्लोटिंग परफ्यूम्ड दीये रख और उनके साथ फूलों की पंखुड़ियां रख कर कमरे के कोनों को रोशन कर सकते हैं।
फूल और कलर बीड्स
कलर्ड बीड्स को क्रिस्टल बाउल में डाल कर उसमें पानी भर दें। उसमें थोड़ी शाइनिंग बीड्स डाल कर सेंटर टेबल पर रख दें। मिट्टी के पॉट लेकर उन्हें खास स्टाइल में सजा लें। फिर इन्हें एक कतार में रखें। ये बहुत ही खूबसूरत लगेंगे। टेराकोटा के गमलों में पानी डाल कर उसमें गुलाब की पत्तियां डाल कर सेंटर टेबल पर सजा दें। इसके अलावा सजावट के लिए सिलेंडर के आकार के हैंड पेंटेड पॉट्स लेकर उसमें लंबी डंडियों वाले फूल सजा दें। अगर कुछ और रचनात्मक करना चाहती हैं तो लकड़ी के समान आकार वाले तीन क्यूब कटवा कर उसे अलग-अलग ढंग से लगाते हुए जैसे सीढ़ीनमुा या साथ-साथ रखते हुए उस पर मोमबत्ती या पीतल/ तांबे की कलाकृति सजा दें। त्योहारों के मौसम में घंटियां पारंपरिकता का बोध कराती हैं। विभिन्न आकार वाली घंटियों और दीयों को किसी कोने में सजा सकते हैं। घंटियों को दरवाजों पर भी टांगा जा सकता है और फिर उनके नीचे दीये रख दें। दीयों पर छोटे-चोटे सजावटी कांच लगा दें। जब आप दीये जलाएंगे तो उन शीशों पर लौ पड़ेगी और इसकी चमक से वह लाइटिंग बहुत ही सुंदर लगेगी।
बेडरूम को दें नया लुक
अगर आपको लगता है कि बेडरूम में उजाला कम है और दिवाली से पहले उसकी लाइटें ठीक कराने का समय नहीं है, तो वहां एक ब्राइट कलर की पेंटिंग टांग दें। बेड पर या कोने पर कुछ ब्राइट कलर के फ्लोरल या डिजाइन के कुशन डाल दें। मिरर वर्क के कुशन भी बहुत अच्छे करते हैं। अपने पर्दों के ऊपर काटन की किसी साड़ी को रैप कर दें। आपका रूम एकदम डिफरेंट लुक देने लगेगा। विभिन्न तरह के बीड्स से सजा लकड़ी का बारीक नक्काशीदार झरोखा अगर आप सजाती हैं, तो त्योहारों पर आपके घर की सज्जा में चार चांद लग जाएंगे। इस पर आप अपने भगवान की र्मूतियां रख सकती हैं
रंगोली के रंग
आज बाजार में सजावट की इतनी चीजें उपलब्ध हैं कि कई बार चयन करना कठिन हो जाता है। दिवाली में अगर रंगों की छटा बिखेरती रंगोली घर की देहरी पर न बनाई जाए तो कुछ अधूरापन-सा महसूस होता है। रंगोली हमारी परंपरा का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। आड़ी-तिरछी, त्रिकोण, आयत और वृत्ताकार आकृतियां या ज्यामितीय आकारों को हल्दी, कुंकम, रंग-बिरंगे फूलों, चावल के आटे आदि से सजाने की परंपरा रही है। रंगीन रेत, चावल के पाउडर, रंगीन चॉक आदि से इसे बना कर आप इसे फूलों से सजा सकती हैं। रंगीन फूलों से लेकर आप उससे किनारों को सजा कर एक बार्डर-सा बना लें। इस पर अलग-अलग आकार वाले शीशे भी चिपका सकती हैं। इनके ऊपर छोटे-छोटे दीये रख दें। लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां भी इन पर रखी जा सकती हैं। घर की सज्जा में खुशबू बिखेरने के लिए अलग-अलग तरह की धूप, अगरबत्ती लगाना न भूलें।
फूलों की खूबसूरती
दिवाली में गेंदे के फूल को शुभ माना जाता है। गेंदे के फूलों की लड़ियां खरीद लें और घर के मुख्य दरवाजे पर ऊपर से नीचे तक की लंबाई में लटकाएं। दो गेंदे की लड़ियों के बीच एक हरे पत्ते की लड़ी लटकाएं। इसके अलावा बालकनियों में भी गेंदे और हरे पत्ते की लड़ियों से सजावट कर सकते हैं।
त्योहारों पर फूलों से घर को सजाना सबसे बेहतर विकल्प रहता है। फूलों से बहुत प्रयोग किए जा सकते हैं। इससे पारंपरिक लुक भी मिलता है। फ्यूजन डेकोर में भी फूल अपनी एक अलग ही छाप छोड़ते हैं। बाजार में इन दिनों फूलों से बनी बहुत-सी सजावटी चीजें उपलब्ध हैं, जिन्हें आप घर के कोनों में दीयों या कैंडलों के साथ सजा सकती हैं। फूलों की पत्तियों को घर में कहीं भी मनचाहा आकार दे चिपकाया जा सकता है। फ्लोरल डेकोरेशन के साथ लाइटिंग भी आप बेहद खूबसूरती से कर सकती हैं। प्रवेश द्वार पर आप फूलों की बेल भी लगा सकती हैं। फूलों से बनी रंगोली तो घर और द्वार की शान तो बढ़ाती ही है। १

