मीना
शर्ट, पैंट और टाई किसी पुरुष पर तब तक नहीं खिलते हैं, जब तक कपड़ों के अनुसार जूतों का चयन न किया जाए। जूते आपके व्यक्तित्व में चार चांद लगा देते हैं। जूतों की चमक आपके व्यक्तित्व की चमक को दर्शाती है। आजकल फैशन में जूतों का चलन लड़कों और लड़कियों दोनों के सिर चढ़ कर बोल रहा है। कुछ लोग पारंपरिक तरीके से जूते पहनना पसंद करते हैं, तो कुछ लोग परंपरा को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। जूता एक ऐसा परिधान है, जो आपके व्यक्तित्व को निखारते और पैरों को गंदा होने से बचाते हैं। जूते आपके संपूर्ण व्यक्तित्त्व का हिस्सा बन जाते हैं। आजकल स्नीकर, लेदर, लोफर, कैनवास, सैंडल, बोट कई तरह के जूते युवाओं की पसंद बन रहे हैं। आप जिस भी मिजाज के हों आपको अपने अनुसार जूते बाजार में मिल जाएंगे।
चमड़े का स्नीकर
रोहित बल के साथ काम करने वाले सुशांत बताते हैं कि आजकल स्नीकर जूतों का बहुत चलन है और स्नीकर में भी सफेद सोल के जूते ज्यादा चलन में हैं। दूसरा, लोफर जूते बहुत चलन में हैं। यूरोप, इटली मिलान आदि में चमड़े के स्नीकर ज्यादा पहने जाते हैं। वहां लोग फॉर्मल पहनावे के साथ भी स्नीकर पहनना पसंद करते हैं। वे बताते हैं कि गर्मियों के मौसम में स्नीकर और लोफर आपको ज्यादा आराम देंगे। अगर आप जूतों के साथ मोजे भी पहनना चाहते हैं तो सोल सॉक्स पहनें। ये मोजे पैरों के ऊपर नहीं दिखते और इनसे आपको पैरों में खुजली भी नहीं होती।
डबल मंक स्ट्रैप्स
अगर आप ऑफिस जाते हैं, तो आपको डबल मंक वाले जूते आजमाने चाहिए। सफेद कमीज, नीली पतलून और भूरे रंग के डबल मंक जूते आपके व्यक्तित्व को निखार देंगे। यों फॉर्मल कपड़ों में जूतों का चुनाव सीमित पड़ जाता है, लेकिन आजकल के चलन में सीमित कुछ नहीं है। न ही रंग और न ही जूते। सुशांत बताते हैं कि पहले फॉर्मल पहनावे के लिए केवल भूरे और काले रंग के जूते आते थे। मगर आजकल सफेद, नीला, हरा, संतरी और भी कई रंगों में ये जूते आ रहे हैं। दिलचस्प यह भी है कि डबल मंक स्टैÑप्स जूते कामकाजी लड़के और लड़कियां दोनों की पहली पसंद बन रहे हैं। इन्हें पहनने पर आपको एक विशिष्ट अंदाज मिलेगा। सोने पर सुहागा यह है कि डबल मंक स्ट्रैप्स को आप कैजुअल कपड़ों के साथ भी पहन सकते हैं।
खुले जूते
सुशांत बताते हैं कि पहले जो चमड़े के जूते पुरुष पहनते थे वे ज्यादा भारी होते थे। उन्हें पहन कर लंबे समय तक काम कर पाना मुश्किल होता था। लेकिन आज के समय में युवाओं को चौदह-पंद्रह घंटे तक भी काम करना पड़ता है। इतने लंबे समय तक भारी जूते पहन कर काम करना मुश्किल है। अगर आप भी ज्यादा लंबे समय तक घर से बाहर रहते हैं या ऐसा काम करते हैं, जिसमें लंबे समय तक जूते पहनने पड़ते हैं तो आप बैकलेस जूते खरीद सकते हैं। बैकलेस जूतों में ऊपर का हिस्सा होता है, पर पीछे का हिस्सा नहीं होता। ये चप्पल जैसे दिखते हैं। आजकल बाजार में आपको ऐसे जूते मिल जाएंगे, जिनमें जूतों के ऊपर वाला हिस्सा तो होता है पर पीछे का नहीं होता। ऐसे जूते गुच्ची ब्रांड ने खूब बनाए हैं।
बनाएं अंदाज अपना
यह जरूरी नहीं कि शेरवानी के साथ नागरा ही पहना जाए या फॉर्मल कपड़ों के साथ चमड़े के जूते ही पहने जाएं। आजकल युवाओं में जो फैशन चल रहा है वह अपने बुजुर्गों से भिन्न है। मजे की बात यह है कि फैशन के नाम पर अब कुछ भी पहन सकते हैं। यहां कोई नियम नहीं है। सुशांत ने बताया कि सोनम कपूर के पति आनंद आहूजा ने इस बार शेरवानी के साथ स्पोर्ट्स जूते पहने थे। तो ऐसे लोग भी अब सामने आ रहे हैं जो फैशन के बने बनाए ढांचे को तोड़ रहे हैं। तो आप भी इस तरह के कुछ अलग कांबिनेशन आजमा सकते हैं। हो सकता है कि आपके बनाए कांबिनेशन से आपको प्रसिद्धि भी मिल जाए।
ऐसे जूतों में जाएं कॉलेज
कॉलेज जाने वाले युवा आमतौर पर जो फैशन चलन में है उसको ध्यान में रख कर जूते खरीदते हैं। खुद को फैशनेबल दिखाने के लिए वे ऐसे कपड़े चुनते हैं जो चलन में हों। जाहिर है, वे जूते भी ट्रेंडी ही खरीदेंगे। जो युवा ज्यादा चूजी हैं उन्हें स्नीकर, लोफर और स्पोर्ट्स जूते पहनने चाहिए। ये जूते फैशन में भी हैं। इन्हें पहन कर आप खुद को अप-टू-डेट भी रख पाएंगे।
गरमी में चमड़े की चप्पल
अमूमन मौसम बदलते ही हमारे जूतों का वार्डरोब भी बदलने लगता है। हम ऐसे जूते खरीदते हैं, जो मौसम के अनुसार हों। गरमी में आप जूते पहनने से कतराने लग जाते हैं। क्योंकि बहुत से लोगों को ज्यादा समय तक जूते पहनने से दिक्कत हो जाती है। वे लंबे समय तक जूते नहीं पहन पाते। अगर आप भी जूतों की इस समस्या से पीड़ित हैं, तो आपको चमड़े की चप्पल पहननी चाहिए। इसमें आप काला और भूरा रंग खरीद सकते हैं। विशेषकर छात्रों को जूते कम पसंद आते हैं, तो वे कैजुअल ड्रेस के साथ चमड़े के सैंडल पहन सकते हैं।
शॉटर्स के साथ जूते
आधुनिक जमाना है तो कपड़ों में भी आधुनिकता होना लाजमी है। आजकल केवल लड़कियां हीं शॉटर््स नहीं पहनती हैं, बल्कि लड़कों में भी यह खूब पसंद किए जा रहे हैं। शॉटर््स लड़कों को इसलिए भी पसंद आते हैं, क्योंकि उनके साथ जूते या चमड़े की चप्पल पहनने पर उनके लुक में चार चांद लग जाते हैं। शॉर्ट्स के शौकीन युवाओं को चमड़े की चप्पल भी पहननी चाहिए। इससे आपको पाश्चात्य लुक मिलता है। इसके अलावा एस्पेड्रिल जूते भी पहन सकते हैं। कुछ एस्पेड्रिल जूतों में जूट का काम किया होता है। इसलिए एस्पेड्रिल जूते आपकी पहली पसंद बन सकते हैं।
ज्यादा शौकीन हैं तो…
अगर आप जूतों के ज्यादा शौकीन हैं, तो अपनी पसंद के जूते बनवा सकते हैं। आप चाहें तो अपने स्वभाव के अनुसार जूते बनवा सकते हैं या शेर, हाथी, चीता या कोई और आकृति जो आपको पसंद हो वैसे जूते खुद बनवा सकते हैं। पर जिन जूतों पर कारीगर काम करते हैं। खुद बना कर देते हैं। उन जूतों का दाम भी बाकी जूतों के मुकाबले ज्यादा होगा। लेकिन एक अच्छी गुणवत्ता वाले जूते आप पहन सकेंगे।
जब जूते खरीदें
1. जब भी आप जूते पहन कर कहीं पार्टी या शादी में जा रहे हैं तो ध्यान रहे कि जूते अच्छे से पॉलिश किए हुए हों और साफ-सुथरे हों।
2. ऐसे जूते खरीदें, जो दिखने में फॉर्मल हों। काले और भूरे रंग के जूते जरूर खरीदें, क्योंकि ये रंग किसी भी कपड़े के साथ मेल खा जाते हैं।
3. जब भी जूते खरीदें, सही नाप के और अच्छी गुणवत्ता वाले खरीदें।
4. अगर आप चमड़े का जूता खरीद रहे हैं तो ध्यान दें कि जूते के अंदर भी चमड़ा लगा हो। अगर अंदर रबड़ या रैग्जीन लगा होगा तो उससे आपके जूतों से जल्दी ही बदबू आने लगेगी।
5. अगर आपके पैरों में पसीना ज्यादा आता है तो सूती कपड़े के बने सोल सॉक्स पहनें। पॉलिएस्टर के मोजे न खरीदें।
6. सफेद रंग के जूते पहनना विदेशी अवधारणा है। भारत में इतनी धूल है कि सफेद रंग ज्यादा समय तक सफेद रह नहीं पाता। इसलिए सफेद रंग के जूते जब भी पहनें उनकी सफाई का विशेष का ध्यान रखें।

