Gully Boy Movie Review and Rating: रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म ‘गली बॉय’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। जोया अख्तर के निर्देशन में बनी फिल्म में रणवीर और आलिया ने गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड का रोल निभाया है। रणवीर सिंह ने अपनी एक्टिंग और जोश से फिल्म में जान फूंक दी है। वहीं आलिया भट्ट ने एक निडर लड़की का किरदार अदा कर रणवीर को बराबरी की टक्कर दी है। फिल्म में आलिया भी मार-धाड़ करते हुए नजर आ रही हैं।
फिल्म की कहानी की बात करें तो रणवीर सिंह ने मुंबई के चॉल में रहने वाले एक लड़के का रोल अदा किया है। जिसका सपना एक कामयाब रैपर बनने का है। हालांकि उसके घरवाले रैपर बनने के खिलाफ हैं। जिसके कारण वह घरवालों से छिप-छिपकर रैप करता है। जबकि चॉल के दूसरे लड़के उसे रैप करने के लिए चिढ़ाते भी हैं। एक दिन जब इस बात का खुलासा रणवीर के पिता के सामने होता है कि उसका बेटा रैपर बनना चाहता है तो वह नाराज हो जाते हैं। रणवीर सिंह के पिता का मानना है कि एक ड्राइवर का बेटा ड्राइवर ही बनेगा। जिसके बाद रणवीर सिंह ड्राइवर बन जाते हैं, लेकिन वह अपना सपना नहीं मरने देते हैं।
रणवीर सिंह एक दिन ऐसा रैप बनाते हैं, जिसे सुनकर लोग उनके दीवाने हो जाते हैं। रैप के बोल हैं- ‘अपना टाइम आएगा।’ मेडिकल स्टूडेंट बनीं आलिया भट्ट भी अपने बॉयफ्रेंड को सपना पूरा करने में बखूबी साथ देती हैं। हालांकि बॉयफ्रेंड को लेकर प्रजेसिव नेचर की होने कारण आलिया लड़कियों के साथ मारपीट भी करती नजर आती हैं। कहानी में आलिया और रणवीर के बीच एक खूबसूरत प्रेम-कहानी भी दिखाई गई है। हालांकि बाद में रणवीर सिंह के साथ एक हादसा हो जाता है। जिसके कारण आलिया की भी जिंदगी बदल जाती है। यदि आप भी जानना चाहते हैं कि रणवीर सिंह की लाइफ में क्या हुआ। जिसके कारण बदल गई उसकी जिंदगी? आलिया और रणवीर के रिश्ता को मिल पाता मुकाम या नहीं? जानने के लिए सिनेमाघरों का रुख करना पड़ेगा। फिल्म को जनसत्ता.कॉम की ओर से पांच में से 3.5 स्टार्स दिए गए हैं।