हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष महत्व है। आपको बता दें कि हर महीने 2 एकादशी तिथि पड़ती है। जिसमें एक शुक्ल पक्ष की होती हैं और एक कृष्ण पक्ष की। वहीं आषाढ़ मास की कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को योगिनी एकादशी कहा जाता है। इस साल यह 24 जून को पड़ रही है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा- अर्चना की जाती है। विष्णुपुराण के अनुसार इस व्रत को रखने से 88 हजार ब्राह्राणों को भोजन करने के बराबर पुण्य मिलता है। आइए जानते हैं शुभ मुहूर्त और महत्व…
योगिनी एकादशी शुभ मुहूर्त:
योगिनी एकादशी शुक्रवार, जून 24, 2022 को
एकादशी तिथि शुरू : जून 23, 2022 को रात 09 बजकर 40 मिनट पर आरंभ
एकादशी तिथि समाप्त : जून 24, 2022 को रात 11बजकर 13 मिनट पर खत्म
पारण का समय : 25 जून सुबह 05 बजकर 52 मिनट से 8 बजकर 32 मिनट पर
योगिनी एकादशी का महत्व:
योगिनी एकादशी का व्रत करने से व्यक्ति के जीवन में सुख और समृद्धि का वास होता है। साथ ही भगवान विष्णु जी के साथ- साथ मां लक्ष्मी का भी आशीर्वाद प्राप्त होता है। माना जाता है कि इस दिन व्रत रखने से 88 हजार ब्राह्मणों को भोजन कराने के बराबर पुण्य प्राप्त होता है। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार योगिनी एकादशी व्रत करने से मृत्यु के बाद नरक लोक के कष्टों को नहीं भोगना पड़ता है।
साथ ही जो लोग योगिनी एकादशी व्रत रखते हैं, उनको मृत्यु के बाद यमदूत नहीं, देवदूत लेने आते हैं और उस व्यक्ति की आत्मा को स्वर्ग में स्थान प्राप्त होता है। साथ ही योगिनी एकादशी व्रत के पुण्य और भगवान विष्णु की कृपा से व्यक्ति को मोक्ष भी प्राप्त होता है
जानिए पूजा विधि:
इस दिन सुबह जल्दी उठकर किसी पवित्र नदी में स्नान करें या घर में गंगाजल मिलकार स्नान करें। इसके बाद पूजा स्थल पर बैठे और मंदिर में दीपक जलाएं। फिर भगवान विष्णु का गंगाजल से अभिषेक करने के बाद भगवान को फूल और तुलसी दल अर्पित करें। इसके बाद भगवान विष्णु को सात्विक चीज़ों का भोग लगाएं। भोग में तुलसी दल अवश्य डालें। इसके बाद भगवान विष्णु की आरती करें और विष्णु सहस्रनाम का जाप करें। ऐसा इसलिए चूंकि कहा जाता है कि विष्णु सहस्रनाम का जाप करने वाले मनुष्य पर भगवान की विशेष कृपा होती है। इस दिन भगवान विष्णु के साथ-साथ माता लक्ष्मी की भी पूजा करें।