आज के दिन जन्माष्टमी मनाई जा रही है। भगवान श्री कृष्ण के जन्म के उपलक्ष्य में इस त्योहार को मनाया जाता है। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्री कृष्ण ने मथुरा में अवतार लिया था। श्री कृष्ण अपने अत्याचारी मामा कंश का विनाश करने के लिए इस धरती पर आए थे। इस दिन भारत सहित पूरे विश्व में फैले हिंदू संप्रदाय के लोग भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाते हैं।

जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा नगरी में पूरा माहौल कृष्णमय हो जाता है। पूरे देश में भगवान श्री कृष्ण के मंदिरों को सजाया जाता है और रात में 12 बजे उनके जन्म पर खुशी मनाई जाती है। हर जगह मंदिर और घरों में भगवान श्री कृष्ण का प्रतीक के तौर पर जन्म करवाया जाता है। प्रतीक के तौर पर एक थाली में खीरे को रखकर काटा जाता है। यह वैसे ही काटा जाता है, जैसे प्रसव के बाद बच्चे की नाल काटी जाती है।

जन्माष्टमी के दिन मंदिरों और झांकियों को सजाया जाता है। इस दिन भगवान श्री कृष्ण को नहलाया जाता है और उन्हें पीले वस्त्र धारण करवाकर उनका पीले रंग के आभूषणों के साथ श्रृंगार भी किया जाता है। इसके साथ ही उन्हें झूले में झुलाया जाता है और उनकी पूजा की जाती है। कई लोग भजन और कीर्तन के साथ रतजगा भी करते हैं। इस शुभ मौके पर हम आपके लिए लाए हैं, विशेष तस्वीरें जिनके जरिए आप अपने सगे-संबंधियों को श्री कृष्णा जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दे सकते हैं।