Weekly Vrat Tyohar (07 November To 13 November): फ्यूचर पंचांग मुताबिक वर्तमान सप्ताह की शुरुआत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष के चतुर्दशी तिथि के साथ हो रही है। साथ ही इस सप्ताह कार्तिक पूर्णिमा, गुरु नानक जयंती, पुष्कर स्नान के साथ संकष्टी चतुर्थी पड़ रही है। इतना ही नहीं इसी सप्ताह में साल का आखिरी और दूसरा चंद्र ग्रहण भी पड़ रहा है। आइए जानते हैं इन त्योहारों की तारीख और महत्व…

07 नवंबर, सोमवार- कार्तिक पूर्णिमा (देव दीपावली)

पंचांग के अनुसार हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई जाती है। इस साल कार्तिक पूर्णिमा तिथि 7 नवंबर 2022 को शाम 4 बजकर 14 मिनट से शुरू हो रही है। वहीं पूर्णिमा तिथि का अंत 8 नवंबर को शाम 4 बजकर 32 मिनट पर हो रहा है। इसलिए ग्रहण के कारण देव दीपावली 7 नवंबर को मनाई जा रही है। मान्यता है कि इस दिन ही भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध किया था। इस दिन मंदिरों और नदी के किनारे दीप दान करने का महत्व है। साथ ही इस दिन भगवान शिव की भी विशेष पूजा- अर्चना की जाती है।

08 नवंबर, मंगलवार- गुरु नानक जयंती

कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को हर साल गुरु नानक जयंती का पर्व मनाया जाता है। इस दिन को प्रकाश पर्व के नाम से भी जाना जाता है। बता दें कि इस साल गुरु नानक का 553 वां जन्मोत्सव मनाया जा रहा है।  गुरु नानक जयंती के दिन गुरुद्वारों में कीर्तन दरबार सजता है। सुबह को वाहे गुरु जी का नाम जपते हुए प्रभात फेरी निकाली जाती है।

11 नवंबर 2022, शुक्रवार- सौभाग्य सुंदरी व्रत

पंचांग के मुताबिक हर साल अगहन माह में तृतीया तिथि को सौभाग्य सुंदरी व्रत किया जाता है। मान्यता अनुसार यह व्रत पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए रखा जाता है। इस दिन व्रत करने से सौभाग्य और सौंदर्य की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करने का विधान है।

12 नवंबर, शनिवार- संकष्टी चतुर्थी

अगहन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को संकष्टी चतुर्थी का व्रत रखा जाता है। जो इस बार 12 नवंबर को पड़ रही है। इस दिन भगवान गणेश की पूजा- अर्चना की जाती है। मान्यता है जो भी व्यक्ति इस दिन गणपति की पूजा करता है उसे सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है।