Vastu Tips: वास्तु शास्त्र में कई ऐसी बातों का ज़िक्र है जिन पर अमल कर हम घर में सुख शांति ला सकते हैं। कई बार हम पूरी कोशिश करते हैं लेकिन फिर भी घर में शांति नहीं रहती और कलह बरक़रार रहता है। वास्तु के मुताबिक, वास्तु दोष के कारण ऐसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। घर में दरिद्रता का कारण भी कई बार वास्तु दोष हो सकता है। वास्तु शास्त्र में कई ऐसे उपाय बताए गए हैं जिनका उपयोग कर हम घर की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकते हैं।

घर में लगाएं 5 तुलसी के पौधें- तुलसी के पौधों को घर की बालकनी में लगाना बेहद शुभ माना जाता है। वास्तु के अनुसार, तुलसी के पौधों को छत पर नहीं लगाना चाहिए। इससे आपकी कुंडली में बुध की स्थिति कमज़ोर होती है। अगर कुंडली में बुध कमज़ोर पड़ता है तो धन और बुद्धि की हानि हो सकती है। वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि बालकनी के उत्तर और उत्तर-पूर्व दिशा में पांच तुलसी के पौधे लगाएं। इससे घर में आर्थिक मजबूती आती है और सभी तरह के कष्ट दूर होते हैं।

घर के इस दिशा में लगाएं शीशा- वास्तु में बताया गया है कि शीशा को घर के उत्तर या पूर्व दिशा में ही रखना चाहिए। अगर हम दक्षिण या पश्चिम की दिशा में शीशा रखते हैं तो इससे घर के सदस्यों का विकास रुक जाता है और आर्थिक तंगी का सामना भी करना पड़ सकता है।

घर में हो हवा और प्रकाश आने की जगह- वास्तु शास्त्र में इस बात का ज़िक्र है कि घर में पर्याप्त खिड़कियां होनी चाहिए जिनसे घर में सूरज की रोशनी और हवा आ सके। इससे शारीरिक रोग दूर होते हैं और खुशहाली आती है।

घर में न लगाएं कांटेदार और सजावटी नकली पौधे- घर में हम किस तरह के पौधे लगा रहे हैं, इसका संबंध हमारी खुशहाली से होता है। अगर घर में आपने सजावट के लिए नकली पौधे लगा रखे हैं तो उन्हें हटा दें। दूध निकलने वाले और कांटेदार पौधों को भी घर से बाहर कर दें। घर में हरे पौधों को जगह दें। इससे नकारात्मकता दूर होगी और घर में खुशहाली आएगी।

ख़राब नल कर सकता है धन हानि- कई बार नल में खराबी की वजह से पानी टपकता रहता है और हम उसे नज़रंदाज़ कर देते हैं। वास्तु के अनुसार, ऐसा करना गलत है। जल्द से जल्द नल को ठीक करवाएं वरना धन की हानि हो सकती है। नल के टपकते रहने से पानी की बर्बादी भी होती है जो कि सही नहीं है।