वास्तु शास्त्र के अनुसार माना जाता है कि घर में हर वस्तु के रखने का एक विशेष और शुभ स्थान होता है जिसके कारण घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इसी मान्यता के आधार पर घर में कई ऐसी वस्तुएं भी रखते हैं जिसके कारण घर और परिवार में सुख-शांति बनी रहे। वास्तु के अनुसार माना जाता है कि कई ऐसी वस्तुएं होती हैं जिनके घर में मौजूद होने से सकारात्मक और नकारात्मक ऊर्जा घर में फैलती है। माना जाता है कि जिस घर में हमेशा परेशानियां रहती हैं वो घर वास्तु दोष से ग्रसित होता है।
घड़ी हमारे जीवन का वो हिस्सा है जिसके बिना हमारा कोई काम संभव नहीं हो पाता है। घर, ऑफिस या अन्य किसी भी स्थान पर हमें घड़ी की आवश्यकता होती है। ये एक ऐसी जरुरत है जिसे हम अपनी सुविधानुसार इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। इसे अपनी सुविधा के लिए किसी भी दिशा में लगा लेते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार मान्यता है कि घड़ी हमारे काम और उसके नतीजों को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। घर में बंद रखी घड़ी नकारात्मक ऊर्जा को जन्म देती है। इसके साथ माना गया है घर की किसी भी घड़ी पर धूल जमना यानि किस्मत पर धूल जमने जैसा माना गया है।
वास्तु के अनुसार घर या ऑफिस की दक्षिणी दीवार पर घड़ी लगाना अशुभ माना जाता है। दक्षिण दिशा को यम की दिशा माना जाता है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार यम मृत्यु के देवता माने गए हैं। इस दिशा में लगी घड़ी परिवार में पार्टनर के साथ रिश्ते खराब करने की जिम्मेदार मानी गई है और साथ ही ऑफिस में दक्षिण दिशा में लगी घड़ी बिजनेस में नुकसान करती है। इसी के साथ घर में मुख्य दरवाजे के ऊपर लगी घड़ी धन को घर से बाहर भेजने का कारण मानी जाती है। घर की पूर्व दिशा में घड़ी लगाने से पति-पत्नी के रिश्तों में मधुरता आती है।


