Vastu Shastra for Money And Wealth : ऐसा माना जाता है कि देवी लक्ष्मी धन-धान्य की अधिष्ठात्री देवी हैं। उनकी कृपा से ही समस्त संसार में यश, वैभव और कीर्ति विद्यमान हैं। कहते हैं कि जो व्यक्ति देवी लक्ष्मी को प्रसन्न कर लेता है उसके ऊपर हमेशा देवी लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और उसके घर में हमेशा धन की वर्षा होती है। मान्यता है कि वास्तु शास्त्र के मुताबिक घर में कुछ चीजें रखने से देवी लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।

लक्ष्मी नारायण की फोटो या प्रतिमा – ऐसा माना जाता है कि जिस घर में नारायण यानी भगवान विष्णु की पूजा की जाती है उस घर में हमेशा धन-धान्य बरसता रहता है। जो लोग चाहते हैं कि उनके घर में हमेशा पैसे की बरकत हो उन्हें भगवान लक्ष्मी नारायण की मूर्ति या फोटो को अपने घर में लाना चाहिए। सुबह शाम उनकी आराधना करनी चाहिए।

घर में रखें श्री यंत्र – मान्यता है कि श्री यंत्र में देवी लक्ष्मी का वास होता है इसलिए जो लोग भी यह चाहते हैं कि उनके घर में पैसा आए उन्हें अपने घर में श्री यंत्र की स्थापना करनी चाहिए। साथ ही श्री यंत्र की पूजा करना बहुत जरूरी है। इस यंत्र को घर की उत्तर-पूर्व या पूर्व दिशा में रखना चाहिए। घर के सभी सदस्यों को इस यंत्र को प्रणाम करना चाहिए। संभव हो तो श्री यंत्र को अपने पर्स में भी रख सकते हैं।

घर लाएं विघ्नहर्ता गणेश – भगवान गणेश को शुभता का प्रतीक माना जाता है। देवी लक्ष्मी उन्हें अपना पुत्र मानती हैं। कहते हैं कि जो लोग अपने घर में भगवान गणेश को लेकर आते हैं उनके घर में हमेशा बरकत रहती है। इसलिए जो लोग भी अपने घर में धन आगमन के योग बनाना चाहते हैं उन्हें अपने घर में भगवान गणेश की एक छोटी प्रतिमा लेकर आनी चाहिए। साथ ही रोजाना इनकी पूजा भी करें।

श्रीफल है चमत्कारी – हर शुक्रवार को माता महालक्ष्मी को श्रीफल यानी नारियल का भोग लगाना चाहिए। मान्यता है कि देवी लक्ष्मी को नारियल अति प्रिय होता है। जो व्यक्ति देवी लक्ष्मी को शुक्रवार की शाम नारियल अर्पित करता है देवी लक्ष्मी उसके जीवन से दरिद्रता का नाश करती हैं।