Vastu Tips for Home: आज के समय में घर बनाने से लेकर घर सजाने तक में वास्तु शास्त्र से जुड़ी जानकारियों का इस्तेमाल करते हैं। कहा जाता है कि अगर वास्तु सही है तो आस-पास सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है जिससे व्यक्ति की तरक्की होती है। कई लोग अपने घरों में हरियाली और पॉजिटिव एनर्जी बरकरार रखने के लिए पेड़-पौधे लगाते हैं। मगर वास्तु शास्त्र में यह माना जाता है कि कुछ पौधे ऐसे भी होते हैं जिन्हें घर में लगाने से घर में नकारात्मकता आती है। इतना ही नहीं, इन पौधों के प्रभाव से घर में पैसा नहीं टिकता है और लोगों को धन हानि का सामना करना पड़ता है। आइए जानते हैं कि लोगों को किन पेड़-पौधों को लगाने से बचना चाहिए –
पीपल का पेड़: भगवान विष्णु को पीपल का पेड़ बेहद प्रिय होता है। मगर घर में पीपल के पेड़ का रहना अशुभ माना जाता है। वास्तु के अनुसार पीपल का पेड़ लगाने से घर में नकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि माना जाता है कि पीपल के पेड़ में प्रेत आत्माएं भी वास करती हैं। कई जानकार बताते हैं कि इस पेड़ को लगाने से घर में जादू-टोना आदि के योग भी बन सकते हैं।
कांटेदार पौधे: वास्तु शास्त्र की मानें तो घर में कांटे वाले पेड़ नहीं लगाने चाहिए। गुलाब और कैक्टस के पौधे जिनमें कांटे लगे होते हैं, उन्हें घर से हटाने में ही भलाई है। इन्हें घर पर लगाने से पैसों की हानि हो सकती है। विद्वानों के अनुसार इस पौधे को घर में लगाने से जिस प्रकार कैक्टस कांटों से भरपूर होते हैं, वैसे ही कांटे लोगों के जीवन में भी आने लगते हैं।
गूलर और नींबू: ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक लोगों को अपने घर में गूलर और नींबू के पेड़ लगाने से भी बचना चाहिए। इनके प्रभाव से लोगों को आंखों से संबंधित बीमारियां हो सकती हैं।
करेले का पेड़: अपने कड़वेपन के कारण करेले की सब्जी लोगों को कुछ खास पसंद नहीं होती है। करेले का पेड़ घर में नेगेटिव एनर्जी फैलाता है। साथ ही, इसके असर से घर में पैसों की किल्लत भी हो सकती है। इसलिए वास्तु शास्त्र के जानकार मानते हैं कि करेला का पौधा घर में नहीं लगाना चाहिए।