कुछ लड़कियों को अपने बालों की चोटी बनाना बहुत पंसद आता है। इससे उनकी सुंदरता में काफी इजाफा हो जाता है।लेकिन क्या आपको मालूम है कि चोटी रखने के कई फायदे भी होते हैं। जी हां, समुद्र शास्त्र में इन फायदों के बारे में विस्तार से बताया गया है। लड़कियों के बालों की चोटी के मुख्य रूप से तीन हिस्से माने गए हैं। इन्हें गंगा, जमुना और सरस्वती का प्रतीक माना जाता है। इनके बारे में यह भी कहा जाता है कि ये तीन हिस्से ब्रम्हा, विष्णु और महेश को दर्शाते हैं। इस मान्यता के आधार पर चोटी की महत्ता बहुत ही बढ़ जाती है। दुल्हन की चोटी को लड़के और उसके परिवार से जुड़ने का संकेत भी माना जाता है। कहते हैं कि चोटी बांधकर दुल्हन अपने नए परिवार से मजबूती से जुड़ जाती है।
मालूम हो कि सुहागन महिलाओं को अपने बाल खुला रखने के लिए मना किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि सुहागन महिलाओं द्वारा अपने बाल खुला रखने से उनके पति की उम्र कम हो जाती है। वहीं, यदि सुहागन महिला अपने बालों की चोटी बनाकर रखे तो इसे काफी शुभ माना गया है। माना जाता है कि चोटी बांधकर पत्नी अपने पति का आयु को लंबे समय के लिए खुद से जोड़ देती है। इससे पति-पत्नी के सदैव साथ रहने की बात कही गई है।
लड़कियों की चोटी का ज्योतिष शास्त्र में भी उल्लेख किया गया है। कहते हैं कि कुंडली में बृहस्पति ग्रह की दशा खराब होने पर लड़की की चोटी के बाल हवा में उड़ने लगते हैं। इसे बृहस्पति को मजबूत करने की जरूरत के संकेत के रूप में देखा जाता है। बता दें कि बालों का संबंध शनि ग्रह से बताया गया है। ऐसा कहा जाता है कि चोटी रखकर शनि के बुरे प्रभाव को कम किया जा सकता है।