भारत में ऐसे सात पवित्र शहर हैं जिसे सप्तपुरी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सप्तपुरी के ये सात शहर सांस्कृतिक और भाषाई विविधता के बावजूद भारत की एकता को दर्शाते हैं। इन सात शहरों को यातायात के इरादे से सड़क, रेलमार्ग और हवाई मार्ग से भी जोड़ा गया है। परंतु क्या आप जानते हैं कि ऐसे कौन-कौन से सात शहर हैं जिसे सप्तपुरी कहा जाता है? साथ ही इनका धार्मिक महत्व क्या है? यदि नहीं! तो आगे इसे जानते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सप्तपुरी का मतलब भारत के सात पवित्र शहरों से है। जिनमें अयोध्या, मथुरा, द्वारका, वाराणसी, हरिद्वार, उज्जैन, और कांचीपुरम शामिल हैं।
अयोध्या: अयोध्या भारत का सबसे प्राचीन शहरों में से एक है। इसका अन्य नाम साकेत है। साथ ही यह भगवान राम की जन्मस्थली भी है। अयोध्या शहर उत्तर प्रदेश में सरायु नदी के किनारे बसा हुआ है। यह भारत में हिंदुओं के सात सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में से एक है।
मथुरा: इसे भी भारत के सात पवित्र शहरो में से एक माना गया है। यह उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध शहर वृंदावन और गोवर्धन के पास बसा हुआ है। मथुरा शहर भगवान कृष्ण की जन्मभूमि है। साथ ही मथुरा और आसपास के गांवों से बहुत सारी ऐतिहासिक घटनाएं जुड़ी हुई हैं।
उज्जैन: इसे उज्जयिनी और अवंतिका के नाम से भी जाना जाता है। यह शहर क्षिप्रा नदी के तट पर बसा हुआ है। यहां हर चार साल पर कुंभ मेले का आयोजन होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसे महाकाल की नगरी के रूप में जाना जाता है। यहां महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग स्थित है जो कि शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है।
वाराणसी: वाराणसी का पुराना नाम काशी है। यह शहर भी भारत के सबसे पुराने और पवित्र शहरों में से एक है। वाराणसी शहर गंगा नदी के किनारे बसा हुआ है। साथ ही वाराणसी को भारत की आध्यात्मिक राजधानी भी कहा जाता है, जो कि घाट, मंदिर और संगीत के लिए प्रसिद्ध है।
द्वारका: द्वारका भी भारत के साबसे पुराने शहरों में से एक है। यह शहर गुजरात के जामनगर में स्थित है। पवित्र द्वारका धाम शहर चार धामों में एक है। बता दें कि चार धामों में द्वारका के अलावा बद्रीनाथ, जगन्नाथ पुरी और रामेश्वरम शामिल है।
हरिद्वार: हरिद्वार हिंदुओं के सात पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है। यहां भी हर चार साल पर कुंभ लगता है। बता दें कि हरिद्वार में गंगा नदी के किनारे कुंभ मेले का आयोजन किया जाता है। हरिद्वार एक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है। यहां स्थित मनसा देवी मंदिर, चंडी देवी मंदिर, माया देवी मंदिर और भारत माता मंदिर प्रसिद्ध हैं।
कांची: कांची यानि कांचीपुरम तमिलनाडु में वेगवथी नदी के किनारे बसा हुआ है। यह शहर एक पवित्र तीर्थस्थल और भारत के सात पवित्र धर्म-स्थलों में से एक है। मान्यता है कि कांचीपुरम शिवजी और वैष्णव अनुयायियों के लिए प्रसिद्ध है। यहां बहुत सारे मंदिर जैसे- कामाक्षी अम्मान मंदिर, कौलाशनाथर मंदिर, एकम्बरेश्वर मंदिर और वैकुण्ठ पेरूमल मंदिर स्थापित हैं।