Astrology: चाहे लड़का हो या लड़की, हर किसी को अपनी जिंदगी में परफेक्ट लाइफ पार्टनर की दरकार होती है जो उसका साथ दे और केयर करे। लेकिन सभी की चाहत पूरी हो ये जरूरी नहीं है। किसी को बेइंतहा प्यार करने वाला साथी मिलता है तो कोई खाली हाथ रह जाता है। ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि प्यार में सफलता और असफलता के लिए लोगों की कुंडली भी जिम्मेदार होती है। बताया जाता है कि ग्रह और नक्षत्र लव लाइफ को बेहद प्रभावित करते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि लोगों के व्यवहार और किरदार पर उसकी राशि, नक्षत्र और ग्रहों का भी असर होता है।

ज्योतिष शास्त्र के जानकारों के अनुसार कुल 12 राशियों में चार राशियां ऐसी हैं जिनके बारे में माना जाता है कि इन राशियों के जातक प्यार के मामले में बहुत गंभीर होते हैं। ये जातक जब भी किसी से जुड़ते हैं तो पूरा दिल लगाकर जुड़ते हैं। यही नहीं, ये लोग अपने साथी की खुशी के लिए कुछ भी कर सकते हैं। आइए जानते हैं किन 4 राशि के लोग प्यार में सफल और लकी साबित होते हैं।

मिथुन राशि वाले: विद्वानों के अनुसार मिथुन राशि के जातक बेहद आशिक मिजाजी होते हैं। बताया जाता है कि इस राशि के लोग जब रिलेशनशिप में आते हैं तो पूरी शिद्दत से अपना रिश्ता निभाते हैं। ये लोग अपने रिश्ते को जिंदगी भर निभाने की चाह रखते हैं और इसके लिए तमाम प्रयास भी करते हैं। ये लोग सब कुछ अपने प्यार को ही मानते हैं। अपने रिश्ते को बचाने के लिए किसी भी तरह का समझौता करने को तैयार होते हैं।

कर्क राशि के जातक: कर्क राशि वाले लोग पूरी तरह से अपने पार्टनर्स के प्रति समर्पित होते हैं। ये जातक ईमानदारी और निष्ठा से अपना रिश्ता निभाते हैं। बताया जाता है कि ये लोग अपने साथी की खूब देखभाल करते हैं। कहा जाता है कि कर्क राशि के लोग अगर किसी को अपनी दिल में जगह दे देते हैं तो अपना रिश्ता जिंदगी भर के लिए निभाते हैं। प्यार में किसी भी हद से गुजर जाने वाले ये लोग अपना सब कुछ न्योछावर करके भी रिश्ता निभाते हैं।

कन्या राशि के लोग: इस राशि के लोगों के बारे में कहा जाता है कि ये प्यार में बेहद ईमानदारी दिखाते हैं। इन लोगों से जुड़ी एक ये बात भी होती है कि इस राशि के लोग जल्दी अपने दिल की बात दूसरों से शेयर नहीं कर पाते हैं, यही कारण है कि अपने साथी में ही ये लोग अपना सबसे अच्छा दोस्त खोजते हैं। साथ ही, अपने पार्टनर से ही सभी बातें शेयर करते हैं। कहा जाता है कि ये लोग जिससे प्यार करते हैं उन्हें अपने जीवन में लाने की तमाम कोशिशें करते हैं।

कुंभ राशि वाले: माना जाता है कि कुंभ राशि के लोग बेहद भावुक होते हैं और अपनी शर्तों पर ही जिंदगी गुजारते हैं। बावजूद इसके अपने साथी की खुशी के लिए किसी भी तरह का कॉम्प्रोमाइज करने के लिए तैयार हो जाते हैं।