लोगों में शनि साढ़ेसाती को लेकर काफी खौफ रहता है। साढ़ेसाती सात वर्ष की कालावधि है। शनि सभी राशियों में अपने घूमने की प्रक्रिया 30 साल में खत्म करते हैं। इसी दौरान किसी राशि पर शनि की ढैय्या तो किसी पर शनि की साढ़ेसाती चलती है। ज्योतिष अनुसार अगर कुंडली में शनि ग्रह शुभ स्थान पर नहीं बैठा हो तो इस दौरान व्यक्ति को काफी तकलीफों और मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। फिलहाल 3 राशियों पर शनि साढ़ेसाती चल रही है।

शनि ढैय्या और साढ़ेसाती 2020: वृश्चिक वालों पर साढ़ेसाती समाप्त हो चुकी है। तो वहीं धनु वालों पर इसका अंतिम चरण, मकर वालों पर इसका दूसरा चरण तो कुंभ वालों पर इसका पहला चरण चल रहा है। इसी के साथ शनि की ढैय्या की बात की जाए तो वह मिथुन और तुला वालों पर चल रही है।

शनि साढ़े साती के तीन चरण: शास्त्रों के अनुसार साढ़े साती को तीन चरणों में बांटा जाता है। जिसका पहला चरण धनु, वृषभ और सिंह वालों के लिए कष्टकारी होता है। दूसरा चरण मकर, मेष, कर्क और वृश्चिक वालों को परेशान करता है और तीसरा चरण मिथुन, कर्क, तुला, वृश्चिक और मीन वालों के लिए कष्टकारी होता है।

पहला चरण: इस चरण में शनि जातक के मस्तक पर रहता है। इसमें व्यक्ति को आर्थिक समस्याओं का सामना अधिक करना पड़ता है। कार्यों को पूरा करने में दिक्कतें आने लगती हैं। वैवाहिक जीवन भी कठिनाइयों में गुजरता है।

दूसरा चरण: साढ़ेसाती के दूसरे चरण में व्यवसायिक से लेकर पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यात्राएं काफी करनी पड़ती हैं। धन संपत्ति से जुड़े मामले परेशान करते हैं। अपने लोगों का साथ कम मिलता है।

तीसरा चरण: साढ़ेसाती के अंतिम चरण में भौतिक सुखों में कमी आने लगती है। आमदनी से ज्यादा खर्च होते हैं। स्वास्थ्य अच्छा नहीं रहता। संतान पक्ष की तरफ से तकलीफों का सामना करना पड़ता है। वाद-विवाद से इस चरण में बचना चाहिए।

धनु राशि पर शनि की साढ़ेसाती: शनि महाराज आपको मेहनत के अनुसार ही फल देंगे। नौकरी में बदलाव होने की संभावना हैं। कार्यस्थल पर शत्रुओं से बचकर रहें। पार्टनरशिप के काम अच्छा खासा लाभ मिल सकता है। आपके लिए सितंबर तक का समय अच्छा साबित होगा। जिन जातकों के लव रिलेशन को समय हो गया है वे इस साल शादी कर सकते हैं। स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहना होगा।

मकर राशि पर शनि की साढ़ेसाती: कार्यस्थल पर प्रतिद्वंदियों के कारण परेशानी झेलनी पड़ेंगी। इसलिए एक कार्य को सावधानी के साथ करें। आपके संबंध अपने उच्च अधिकारियों से खराब हो सकते हैं। कार्यस्थल पर एकदम अनुशासन में रहें नहीं तो नौकरी हाथ से जा भी सकती है। जमीन और शेयर बाजार में पैसा लगाने वालों को नुकसान अधिक होगा। पार्टनरशिप में काम करने से बचें। दो पहिया वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी।

कुंभ राशि पर शनि की साढ़ेसाती: स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। सरकारी नौकरी कर रहे जातकों की भागदौड़ काफी ज्यादा रहेगी। सेहत बिगड़ने के आसार हैं। बॉस से संबंध काफी बिगड़ने के आसार दिखाई दे रहे हैं। बिजनेस वालों के लिए आने वाला समय कष्टकारी साबित हो सकता है। बिजनेस को सुचारू रूप से चलाने के लिए कर्ज लेना पड़ सकता है। शादीशुदा जातकों की लव लाइफ में शक की स्थिति उत्पन्न होगी। गले से संबंधित रोग काफी परेशान कर सकते हैं।