Sawan Calendar 2022: सावन यानि श्रावण मास आरंभ हो चुका है। वैदिक पंचांग के अनुसार सावन के दूसरा सोमवार 25 जुलाई को पड़ रहा है। इस दिन भक्त शिव मंदिर में भोलेनाथ की विशेष पूजा- अर्चना करते हैं। आपको बता दें कि सावन के दूसरे सोमवार पर प्रदोष व्रत का संयोग भी बन रहा है। साथ ही इस दिन सर्वार्थ सिद्धि व अमृत सिद्धि के साथ धुव्र योग बन रहा है। वैदिक ज्योतिष में सर्वार्थसिद्धि व अमृत सिद्धि योग को विशेष माना गया है। साथ ही इन योग में किए गए कार्यों का फल शीघ्र प्राप्त है। इस योग में पूजा-अर्चना करने से भोलेनाथ और माता पार्वती का आशीर्वाद प्राप्त होगा। आइए जानते हैं शुभ मुहूर्त का समय और पूजा विधि…

दूसरा सावन सोमवार व्रत शुभ मुहूर्त

वैदिक पंचांग के अनुसार सावन के दूसरे सोमवार व्रत के दिन ध्रुव योग प्रात:काल से लेकर दोपहर 03:05 बजे तक है और इस दिन मृगशिरा नक्षत्र देर रात 01:07 बजे तक है। यह योग और नक्षत्र दोनों ही शुभ हैं। दिन का शुभ समय: दोपहर 12:00 बजे से दोपहर 12:55 बजे तक है। इस समय पूजा- अर्चना की जा सकती है।

यह बन रहे शुभ संयोग

प्रदोष व्रत: सावन के दूसरे सोमवार पर प्रदोष व्रत का भी संयोग बन रहा है। प्रदोष व्रत भी भोलेनाथ का आशीर्वाद पाने के लिए किया जाता है। इनमें भी कृष्ण पक्ष का प्रदोष विशेष महत्व रखता है।

सर्वार्थ सिद्धि योग: पंचांग के अनुसार सावन के दूसरे सोमवार पर सर्वार्थ सिद्धि योग बना है जो सूर्योदय से मध्यरात्रि तक रहेगा। यानी इस समय अवधि में आप कोई भी शुभ कार्य करेंगे तो आपको उसका शुभ फल प्राप्त होगा। ज्योतिष में सर्वार्थ सिद्धि योग को विशेष माना जाता है।

अमृत सिद्धि योग: इस दिन अमृत सिद्धि योग भी बना है। इस योग में गंगा स्नान, शिवजी और विष्णुजी की पूजा अमृत के समान फलदायी होती है। इससे अकाल मृत्यु का भय दूर होता है। साथ ही व्यक्ति के सभी काम बनते चले जाते हैं।

जानिए पूजा- विधि

सावन के दूसरे सोमवार विधि पूर्वक भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करने से सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है। साथ ही सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस दिन शिव मंदिर जाकर भोलेनाथ का रुद्राभिषेक करें। साथ ही भगवान शिव पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, सफेद पुष्प चढ़ाएं। साथ ही शिवलिंग पर पीले चंदन का लेप भी करें।

 उपाय:

1- सावन सोमवार के पंचामृत से शिवलिंग का अभिषेक करें। इससे जीवन सुखमय होगा। साथ ही धन में वृद्धि होगी।

2- सावन सोमवार के दिन भोलेनाथ को केसर मिश्रित खीर का भोग लगाएं, ऐसा करने से जॉब और कारोबार में लाभ प्राप्त होता है।

3- सावन के सोमवार के दिन महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना चाहिए, ऐसा करने से आरोग्य की प्राप्ति होती है।

4- भोलेनाथ को भांग, धतूरा और बेलपत्र अर्पित करना बेहद शुभ माना गया है। ये चीजे सोमवार दिन शिवलिंग पर चढ़ाएं। इनको चढ़ाने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और व्यक्ति के जीवन मे सुख- समृद्धि का वास रहता है।