Sawan 2021: हिंदू धर्म में सावन के महीने का काफी महत्व है। इस पूरे महीने में भगवान शिव की विशेष रूप से पूजा-अर्चना की जाती है। भगवान शिव को समर्पित सावन का यह महीना इस साल 25 जुलाई से शुरू होगा और 22 अगस्त को समाप्त होगा। कहते हैं कि सावन के महीने में जो भी व्यक्ति सच्चे दिल से भगवान शिव की आराधना करता है, उसके सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। पुराणों में इस बात का जिक्र किया गया है कि अन्य दिनों की अपेक्षा सावन के महीने में भगवान भोलेनाथ की पूजा और अभिषेक करने से कई गुणा फल मिलता है। इस महीने में सोमवार के दिन व्रत रखने का काफी महत्व बताया गया है। बता दें, इस साल सावन के महीने में कुल 4 सोमवार पड़ेंगे।
साथ ही सावन के महीने में कुछ विशेष नियमों का भी पालन करना होता है। जो भी व्यक्ति इन नियमों का पालन करता है, उस पर भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। आइये जानते हैं कि सावन के महीने में क्या करना चाहिए और क्या नहीं?
पूजा के बाद जरूर करें अभिषेक: इस महीने में भगवान शिव की पूजा करने के बाद उनका अभिषेक जरूर करें, इससे शिव की विशेष कृपा होती है। पूजा के दौरान भगवान शिव का ध्यान करें और मन ही मन ओम नम: शिवाय का जाप करें।
इन चीजों को करें अर्पित: पूजा के दौरान भगवान शिव पर बेलपत्र, धतूरा आदि अर्पित करने चाहिए, साथ ही माता पार्वती और उनके पूरे परिवार की पूजा जरूर करें। हो सके तो सावन के सोमवार का व्रत रखें, साथ ही संभव हो तो उनका रुद्राभिषेक करें।
मांस का भूलकर भी न करें सेवन: सावन के महीने में तामसिक चीजें जैसे मांस, मदीरा, प्याज और लहसुन का सेवन वर्जित माना जाता है। ऐसा करने से भोलेनाथ रुष्ठ हो सकते हैं। इसके अलावा इस महीने में दोपहर के समय सोना नहीं चाहिए और न ही कांसे के बर्तन में भोजन करना चाहिए, ऐसा करने से जीवन में कई तरह की समस्याएं आ सकती हैं।
सावन के महीने में दाढ़ी और सिर के बाल भी नहीं कटवाने चाहिए। इस दौरान अपने शरीर पर तेल की मालिश करना वर्जित बताया गया है। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि भूलकर भी भगवान शिव का न तो हल्दी से अभिषेक करें और न ही उन पर तुलसी दल अर्पित करें। क्योंकि, ऐसा करने से अशुभ परिणाम मिलते हैं।