Ravivar Ke Upay: हिंदू धर्म में रविवार का दिन ग्रहों के राजा सूर्यदेव को समर्पित है। इस दिन व्रत रखकर भगवान सूर्य की पूजा करने के साथ-साथ दान करना बेहद शुभ माना जाता है। ज्योतिष की मानें तो सूर्यदेव की कृपा से जीवन में सुख, समृद्धि और मान-सम्मान मिलता है। इस दिन पूजा करने के साथ-साथ कुछ विशेष उपाय करना अत्यंत शुभ माना जाता है। ज्योतिष के अनुसार, रविवार के दिन इन उपायों को करने से जीवन से सभी संकट दूर हो जाते हैं और शुभ फलों की प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं ये उपाय।
सूर्य को जल चढ़ाएं
रविवार सुबह स्नान के बाद सूर्य देव को तांबे के लोटे में जल, लाल फूल और चावल डालकर अर्घ्य दें। जल चढ़ाते समय ‘ॐ सूर्याय नमः’ मंत्र का जाप करें। ऐसा करने से सूर्य देव की कृपा बनी रहती है।
लाल चंदन का तिलक लगाएं
रविवार को घर से बाहर निकलने से पहले माथे पर लाल चंदन का तिलक लगाएं। ऐसा करने से कार्यों में सफलता मिलती है। साथ ही, इस दिन लाल रंग के कपड़े पहनना भी शुभ माना गया है।
मुख्य दरवाजे पर दीप जलाएं
रविवार को घर के मुख्य दरवाजे के दोनों तरफ देसी घी का दीपक जलाएं। इससे सूर्य देव और माता लक्ष्मी प्रसन्न होते हैं और घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है।
दान करें
अगर आप सूर्यदेव को प्रसन्न करना चाहते हैं तो रविवार के दिन गुड़, दूध, चावल और लाल रंग के कपड़े दान करें। ऐसा करने से रुके हुए काम पूरे होते हैं।
बरगद के पत्ते का उपाय
अगर आप कोई खास इच्छा पूरी करना चाहते हैं, तो रविवार को बरगद का पत्ता लाएं और इस पर अपनी मनोकामना लिखें और इसे बहते पानी में प्रवाहित कर दें। ऐसा करने से आपकी इच्छा पूरी हो सकती है।
पीपल के नीचे दीप जलाएं
रविवार की शाम पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का चौमुखा दीपक जलाएं। ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और मान-सम्मान बढ़ता है।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।