Rama Tulsi Or Shyama Tulsi: हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद पवित्र पौधा माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जिस घर में तुलसी का पौधा होता है वहां पर कभी भी पैसों की कोई कमी नहीं रहती है। इसके साथ ही उस घर में सदैव मां लक्ष्मी की कृपा बरसती है। वास्तु शास्त्र में इस पौधे को लेकर कई नियम भी बताए गए हैं जिनका पालन करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि तुलसी भी कई प्रकार होते हैं? जी हां रामा तुलसी, श्यामा तुलसी, वन तुलसी, श्वेत तुलसी आदि प्रकार के तुलसी मिलते हैं। हालांकि अधिकतर घरों में रामा और श्यामा तुलसी ही लगाई जाती है। ऐसे में आइए जानते हैं रामा और श्यामा तुलसी में क्या अंतर है साथ ही जानिए दोनों में से कौन सी तुलसी लगाना फायदेमंद माना जाता है।

रामा तुलसी के फायदे

ज्यादातर घरों में रामा तुलसी का पौधा लगाया जाता है। बता दें कि इसकी पत्तियां हरे रंग की होती हैं और इसे शुभ तुलसी माना जाता है। मान्यता है कि रामा तुलसी को घर में लगाने से नेगेटिव ऊर्जा दूर होती है और घर में सकारात्मक उर्जा का प्रवेश होता है। यह तुलसी खुशहाली और शांति लाने के लिए मानी जाती है। इसे श्री तुलसी और लकी तुलसी भी कहते हैं। कहा जाता है कि जिन घरों में रमा तुलसी होता है उस घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है।

श्यामा तुलसी के फायदे

दूसरी ओर श्यामा तुलसी की पत्तियां हल्के बैंगनी रंग की होती हैं और इसे आयुर्वेद में औषधि के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। यह तुलसी रामा तुलसी की तुलना में थोड़ी कम मीठी होती है, लेकिन यह सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। खासकर, इसे सांस की बीमारियों और त्वचा के इलाज में इस्तेमाल किया जाता है। पूजा के लिए यह तुलसी थोड़ी कम लगाई जाती है, लेकिन इसके औषधीय गुण इसे खास बनाते हैं।

घर में कौन सी तुलसी लगानी चाहिए?

आमतौर पर लोग नहीं जानते कि हमें घरों में कौन सी तुलसी लगानी चाहिए। अगर आप भी उनमें से हैं तो आपको बता दें कि मान्यताओं के अनुसार, घर में रामा तुलसी का पौधा लगाना सबसे शुभ माना गया है। इस पौधे को घर में लगाने से सुख-शांति बनी रहती है। वहीं कार्तिक माह में घर पर तुलसी का पौधा लगाना सबसे लाभकारी माना जाता है। ऐसे में इस माह आप भी इस पौधे को अपने घर पर लगा सकते हैं। बता दें कि ज्यादातर श्यामा तुलसी जंगलों में पाई जाती हैं।

किस दिशा में लगानी चाहिए तुलसी?

हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को मां लक्ष्मी का प्रतिक माना जाता है। ऐसे में इसे सही दिशा में लगाना बेहद जरूरी होता है। वास्तु के अनुसार, तुलसी को घर की उत्तर दिशा में लगाना चाहिए। उत्तर दिशा को धन के देवता कुबेर की दिशा माना गया है। इस दिशा में तुलसी का पौधा लगाने से घर में खुशहाली और संपन्नता आती है।

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।