आपने अक्सर देखा होगा कि कई लोगों की शादी के बाद किस्मत चमकी है। मतलब उनके जीवन में कई बड़े बदलाव आए हैं और वह आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं। साथ ही व्यापार में अच्छा मुनाफा या नई नौकरी लगी है। दरअसल हस्तरेखा अनुसार हाथ में एक विवाह रेखा होती है। साथ ही कई और निशान होते हैं, जिनके आधार पर यह पता लगाया जा सकता है कि व्यक्ति की विवाह के बाद किस्मत चमकेगी या नहीं।
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार हथेली पर कुछ रेखाओं और चिह्न का बनना वैवाहिक जीवन के लिए बहुत शुभ माना जाता है और ऐसे व्यक्ति का विवाह के बाद भाग्योदय होता है। आइए जानते हैं कौन सी हैं यह रेखाएं और चिह्न…
अगर रेखाएं हो ऐसी:
हथेली में सबसे छोटी उंगली के नीचे बुध पर्वत की रेखाओं को देखकर भी वैवाहिक जीवन के बारे में पता लगाया जा सकता है। माना जाता है कि यह रेखाएं जितनी साफ होती हैं, व्यक्ति को विवाह के बाद उतना ही सुख प्राप्त होता है।
विवाह बाद चमकती है किस्मत:
हस्तरेखा शास्त्र अनुसार यदि किसी व्यक्ति के हाथ में मस्तिष्क रेखा से निकलकर कोई रेखा शनि पर्वत तक जाए तो ऐसे व्यक्ति की किस्मत शादी के बाद चमकती है। कहा जाता है कि ऐसे लोगों की शादी के बाद तरक्की होती है।
भाग्य रेखा हो ऐसी:
यदि किसी व्यक्ति के हाथ में भाग्य रेखा मणिबंध से निकलकर शनि पर्वत तक जाती हो तो ऐसे लोग विवाह के बाद बहुत धनवान बनते हैं। ऐसे लोगों का भाग्य शादी के बाद चमकता है। शादी के बाद ये धनवान बनते हैं और आर्थिक रूप से भी मजबूत बनते हैं।
बन रहा हो M का निशान:
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार यदि व्यक्ति के हाथ में भाग्य रेखा, मस्तिष्क रेखा और जीवन रेखा का जोड़ मिलकर अंग्रेजी का अक्षर M बनाए तो ऐसे लोगों का वैवाहिक जीवन बहुत सुखमय होता है। माना जाता है कि ऐसे लोग विवाह के बाद बहुत सफलता प्राप्त करते हैं और इन्हें जीवनसाथी का सहयोग मिलता है।
शादी के बाद हासिल करते हैं कामयाबी:
यदि अंगूठे के पास से निकलकर कोई रेखा गुरु पर्वत तक जाए तो ऐसे लोग शादी के बाद अपनी प्रतिभा के बल पर धन कमाते हैं। ऐसे लोगों कई स्त्रोतों के माध्यम से धन अर्जित करते हैं। साथ ही ऐसे लोगों का भाग्य विवाह बाद चमकता है। मतलब ये लोग विवाह बाद कामयाबी हासिल करते हैं।