हर व्यक्ति के हाथों में उसके जीवन का सार लिखा होता है। कौन व्यक्ति कैसा जीवन बिताएगा और उसके जीवन में क्या-क्या उतार-चढ़ाव आएगा, यह सब हस्त रेखा के माध्यम से पता लगाया जा सकता है। ऐसा माना जाता है कि हाथों की लकीरें व्यक्ति के जीवन का हर हाल बता सकती है। हस्तरेखा स्टोरी में जानिए हाथ की लकीरों के बारे में जो आपके कंजूस होने के बारे में बताते हैं। साथ ही यह भी बताती है कि कौन इंसान कितना खर्चीला है। उसके जीवन में वह किन क्षेत्रों में अपने पैसे को खर्च करेगा। आइए जानते हैं –

हस्तरेखा विज्ञान में ऐसा कहा जाता है कि जिस व्यक्ति के हाथ की रेखाओं में सूर्य की रेखा टूटी हुई या बहुत ज्यादा मोटी होती है, वह व्यक्ति बहुत कंजूस होता है। ऐसा व्यक्ति हर वक्त अपनी तिजोरी पर ताला लगाकर रखता है। ऐसे लोग जरूरत के समय में भी अपना पैसा खर्च नहीं करते हैं। आपको बता दें कि अनामिका अंगुली के नीचे सूर्य पर्वत होता है और उसी पर सूर्य रेखा होती है।

किसी व्यक्ति के हाथ में मणिबंध रेखाएं यानी हथेली और कलाई के बीच में आने वाली रेखाएं बहुत ज्यादा टूटी हुई हो तो ऐसा व्यक्ति बहुत अधिक खर्चीला होता है। माना जाता है कि जिस व्यक्ति की मणिबंध रेखा मोटी होती है, वह बहुत कंजूस व्यक्ति होता है। ऐसे लोग अपने हित के लिए भी पैसा खर्च नहीं करते हैं।

अगर किसी के हाथ की भाग्य रेखा बहुत मोटी है या फिर दो रेखाएं आगे चलकर एक भाग्य रेखा बनाती हैं तो ऐसे व्यक्ति को भी बहुत कम खर्चीला माना जाता है। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि ऐसे लोग कंजूस के नाम से समाज में जाने जाते हैं। ऐसे लोग कंजूस होने के साथ ही बहुत गुस्सैल भी होते हैं।

जिन लोगों के हाथ में मणिबंध रेखा से भाग्य रेखा निकलकर मध्यमा यानी बीच वाली अंगुली के शनि पर्वत तक पहुंच जाए, ऐसे लोगों को अपने जीवन में भारी आर्थिक संकट देखना पड़ता है। उसके बावजूद भी ऐसे लोग बहुत अधिक खर्चीले होते हैं। ऐसे लोगों को बिना वजह पैसा खर्च करना बहुत पसंद होता है।

जिन लोगों के हाथ में शुक्र पर्वत उभरा हुआ और लाल रंग का होता है। ऐसे लोग बहुत अधिक खर्चा करते हैं। इनका जीवन सुख संपत्ति से भरा होता है। ऐसे लोगों को कभी धन की कमी भी नहीं आती है।