Hand Lines Astrology: जीवन में सम्मान प्राप्त करने का सपना तो हर कोई देखता है। पर सबके सपने पूरे हों, ये जरूरी नहीं। कई बार अथक मेहनत करने के बावजूद भी लोगों को वो हासिल नहीं हो पाता है जिसके वो हकदार होते हैं। वहीं, कुछ लोगों को कम मेहनत करने के बाद भी जरूरत से ज्यादा मिल जाता है। सम्मान हासिल करने, पैसा कमाने और सफल आदमी बनने की कोशिश जब व्यर्थ होती दिखती है तो लोग तनाव में आ जाते हैं और उनका खुद पर से भरोसा डगमगा जाता है। हालांकि, हर बार कसूर उनका नहीं होता, कई बार भाग्य भी लोगों का साथ नहीं देता है। हाथों की लकीरों से पता चलता है कि आपका भाग्य किस दिशा में आगे बढ़ेगा। ऐसे में आइए जानते हैं कैसे हस्तरेखाएं वाले लोग जिंदगी में सम्मान प्राप्त करते हैं-

हस्तरेखा के जानकारों के अनुसार अगर सूर्य पर्वत पर खड़ी रेखाओं को मिलाकर पतंग या फिर मछली जैसी आकृति बन जाए तो इसे काफी शुभ माना जाता है। ऐसे लोग अपने जीवन में काफी ख्याति हासिल कर लेते हैं। किस्मत के धनी होने के साथ-साथ धार्मिक भी होते हैं। आमतौर पर ऐसे लोग धनवान भी होते हैं। इसके अलावा, सूर्य पर्वत की अन्य ग्रहों के साथ की स्थिति भी व्यक्ति को अनेक प्रकार से प्रभावित करती है। हथेली में सूर्य पर्वत के साथ यदि बृहस्पति का पर्वत भी उन्नत है तो ऐसा व्यक्ति विद्वान, ज्ञानवान, मेधावी और धार्मिक विचारों वाला होता है।

उनके अनुसार अगर किसी की हथेली के बुद्ध पर्वत पर एक से ज्यादा खड़ी रेखाएं दिखाई देती हैं तो ऐसे लोग बहुत ही मददगार होते हैं। अपने इस गुण के कारण पूरे समाज में इनकी यश गाथा होती है। इन लोगों को दूसरों से काफी सहानुभूति रहती है। आमतौर पर ये रेखाएं डॉक्टर, नर्स या संत महात्मा के हाथों में देखी जाती है। वहीं, जिन लोगों के हाथों की उंगलियों के बीच वाले हिस्से में खड़ी लाइनें होती हैं, वो लोग बहुत मिलनसार होते हैं। अपने मृदुल स्वभाव के कारण ये हर किसी के प्रिय होते हैं और हर कोई इनका सम्मान करता है।

इसके अलावा, अगर हाथों में सूर्य और शुक्र पर्वत दोनों ही उभार लिए हों तो ऐसे व्यक्ति धनवान, परोपकारी, सफल प्रशासक, सौंदर्य और विलासिताप्रिय होते हैं। विद्वानों के अनुसार सूर्य पर्वत का अच्छा होना व्यक्‍ति के जीवन में अनेक सुविधाएं और सम्‍मान का कारण बनता है। वहीं, सूर्य पर्वत पर त्रिभुज का होना प्रशासनिक लाभ, कार्यक्षेत्र में प्रमोशन व सम्मान मिलने का संकेत होता है।