Mulank 3 People Personality: अंक ज्योतिष के अनुसार व्यक्ति की जन्म तिथि पर उसका मूलांक निर्भर करता है। मूलांक के जरिए किसी भी व्यक्ति का स्वभाव और उसके भविष्य के बारे में पता लगाया जा सकता है। जिन लोगों का जन्म महीने की 3, 12, 21 और 30 तारीख का हुआ हो, उनका मूलांक 3 होता है। इस मूलांक के स्वामी सभी ग्रहों के गुरु ब्रहस्पति ग्रह हैं। मूलांक 3 के लोगों का मस्तिष्क त्रिकोणाकार होता है, जो स्फूर्ति, ज्ञान और प्रतिभा का प्रतीक माना जाता है।

ऐसे व्यक्ति बेहद ही स्वाभिमानी होते हैं। यह किसी भी परिस्थिति में किसी के भी आगे नहीं झुकते। मूलांक 3 के जातक अगर एक बार किसी काम को ठान लें तो उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। ऐसे व्यक्ति हर किसी चीज को जल्दी सीख और समझ लेते हैं। इनका यही टैलेंट लोगों को काफी पसंद आता है। हालांकि अगर कोई इनकी जिंदगी में हस्तक्षेप करे तो यह मूलांक 3 के जातकों को बिल्कुल भी रास नहीं आता।

मूलांक 3 के जातक स्वतंत्रता प्रिय, शक्तिशाली, किसी भी परिस्थिति का डटकर सामना करने वाले, महत्वाकांक्षी, वीर, कोमल हृदय वाले, हमेशा सच के रास्ते पर चलने वाले, शांतिप्रिय और श्रमजीवी होते हैं। मूलांक 3 के लोगों में नेतृत्व करने का गुण भी विद्यमान होता है।

ऐसे व्यक्ति अपने बीते हुए कल और आज से प्ररेणा लेकर भविष्य की नीतियां बनाते हैं। मूलांक 3 के जातकों में सही काम सही समय और स्थान पर करने की क्षमता होती है। इस मूलांक के जातक बेहद ही धैर्यवान, विश्वसनीय और हर कार्यों को करने में सक्षम होते हैं।

इस मूलांक के लोग बेहद ही मेहनती होते हैं। उन्हें पढ़ने-लिखने का काफी शौक होता है। विज्ञान और साहित्य में इनकी विशेष रुचि होती है। शुरुआत में वैसे तो इनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होती। लेकिन समय के साथ और अपनी मेहनत के दम पर यह भविष्य में काफी धनवान बन जाते हैं। यह अलग-अलग चीजों में अपना पैसा लगाते हैं, जिससे इन्हें काफी लाभ होता है।

परिवार और दोस्तों के साथ मूलांक 3 के लोगों का संबंध काफी अच्छा होता है। लेकिन मूलांक 3, 6 और 9 के लोगों के यह काफी करीब होते हैं। वहीं प्रेम संबंधों की बात की जाए तो इनका वैवाहिक जीवन काफी सुखी रहता है। लेकिन प्रेम संबंधों में खटास आती-रहती है।