पवन गौतम
भगवान कृष्ण के जीवन में हमेशा रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी रही है। उनकी कहानी हमें बताती है कि मानवीय जीवन कितने उतार-चढ़ाव से भरा हुआ है। अपने जन्म के कुछ समय बाद ही कंस द्वारा भेजी गई राक्षसी पूतना का उन्होंने वध किया। उसके बाद शकटासुर, तृणावर्त आदि कई राक्षसों का वध किया। बाद में कृष्ण गोकुल छोड़कर नंद गांव आ गए वहां पर भी उन्होंने कई लीलाएं की जिनमें गोचारण लीला, गोवर्धन लीला व रास लीला आदि मुख्य हैं।
मथुरा वासियों को कंस के आतंक से कराया मुक्त
अक्रूर जी के आग्रह पर कृष्ण व बलराम मथुरा आए, जहां कंस ने कृष्ण के प्राणांत की योजना बना रखी थी। श्रीकृष्ण ने इसी दौरान अपने मामा कंस का वध किया और मथुरा वासियों को उसके आतंक से मुक्त कराया। तत्पश्चात, श्रीकृष्ण ने अपने नाना उग्रसेन को मथुरा का राजा बनाया और जेल में बंद अपने माता-पिता को रिहा कराया। कंस वध के बाद उनके पिता वसुदेव ने दोनों भाइयों कृष्ण और बलराम को शिक्षा-दीक्षा के लिए उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम भेज दिया। आश्रम में ही कृष्ण भगवान की मुलाकात सुदामा से हुई।
कृष्ण और सुदामा की दोस्ती के किस्से काफी सुने जाते हैं। एक समय आया जब भगवान कृष्ण ने जरासंध से तंग आकर मथुरा छोड़ दिया और द्वारिका में एक नया नगर बसाया। अनेक द्वारों का शहर होने के कारण इस नगर का नाम द्वारिका रखा गया था।
लंबी हैं श्रीकृष्ण के साहस और वीरता की कहानियां
श्री कृष्ण की पत्नी रुक्मिणी थी। रुक्मिणी का पूरा बचपन श्रीकृष्ण के साहस और वीरता की कहानियां सुनते हुए बीता था। ऐसा कहा जाता है श्रीकृष्ण की रानियों की संख्या सोलह हजार से अधिक थीं। इनमें से ज्यादातर उनके द्वारा किसी न किसी कष्ट से मुक्त कराई गईं रानियां या राजकुमारियां थीं। इससे पहले, महाभारत के युद्ध में भगवान श्रीकृष्ण पांडवों के पक्ष में थे। इस युद्ध में श्रीकृष्ण अर्जुन के सारथी बने। 18 दिन तक चले युद्ध में जीत अंतत: पांडवों की हुई।
कृष्ण और अर्जुन के बीच संवाद भगवद् गीता ग्रंथ के रूप में है
भगवान कृष्ण महाभारत युद्ध में सारथी की भूमिका में थे। युद्ध के दौरान कृष्ण और अर्जुन के बीच का संवाद भगवद् गीता नामक एक ग्रंथ के रूप में प्रस्तुत किया गया है। महाभारत युद्ध के बाद जब हस्तिनापुर में युधिष्ठिर का राजतिलक हो रहा था तब कौरवों की माता गांधारी ने युद्ध के लिए श्रीकृष्ण को दोषी ठहराते हुए श्राप दिया कि जिस प्रकार कौरवों के वंश का नाश हुआ है, ठीक उसी प्रकार यदुवंश का भी नाश होगा। कहा जाता है कि एक बार श्री कृष्ण के बेटे साम्ब ने चंचलता के प्रभाव में ऋषि दुर्वासा का अपमान कर दिया। ऋषि दुर्वासा क्रोधित हो गए और उन्होंने यदु वंश को नष्ट करने के लिए सांब को शाप दिया।
द्वारिका में अब शक्तिशाली होने के साथ-साथ पाप और अपराध भी व्याप्त हो गए थे। अपनी प्रसन्न द्वारिका में ऐसा वातावरण देखकर श्रीकृष्ण बहुत दुखी हुए। उन्होंने अपनी प्रजा को प्रभास नदी के तट पर जाने और अपने पापों से छुटकारा पाने की सलाह दी। उसके बाद सभी लोग प्रभास नदी के तट पर चले गए लेकिन ऋषि दुर्वासा के शाप के कारण सभी लोग वहां नशे में धुत हो गए और आपस में बहस करने लगे। विवाद शुरू हुआ उनके विवाद ने एक गृहयुद्ध का रूप ले लिया जिसने पूरे यदुवंश को नष्ट कर दिया। आपसी युद्ध में चार प्रमुख व्यक्तियों ने भाग नहीं लिया, जिससे वे बच गए। ये चारों कृष्ण, बलराम, दारुक सारथी और वभ्रु थे।
बलराम दुखी होकर समुद्र की ओर चले गए और वहां से फिर उनका पता नहीं चला। कृष्ण बड़े मर्माहत हुए। वे द्वारिका से दूर जंगल में गए और दारुक को अर्जुन के पास भेजा गया और उसे निर्देश दिया गया कि वह वहां से स्त्री-बच्चों को हस्तिनापुर ले जाए। कुछ स्त्रियों ने जलकर प्राण दे दिए। अर्जुन आए और शेष स्त्री-बच्चों को अपने साथ ले गए।
कहा जाता है कि मार्ग में पश्चिमी के जंगली आभीरों से अर्जुन को मुकाबला करना पड़ा। कुछ स्त्रियों को आभीरों ने लूट लिया। शेष को अर्जुन ने शाल्व देश और कुरु देश में बसा दिया। कृष्ण शोकाकुल होकर घने वन में पहले ही चले गए थे। ऐसे ही एक दिन ‘जरा’ नामक एक बहेलिये ने हिरण के भ्रम में तीर मारा। वह बाण श्रीकृष्ण के पैर में लगा, जिससे शीघ्र ही उन्होंने इस संसार को छोड़ दिया और नारायण के रूप में बैकुंठ धाम में विराजमान हो गए।
देह त्यागने के साथ ही भगवान कृष्ण द्वारा निर्मित द्वारका नगरी भी समुद्र में विलीन हो गई और यादव कुल नष्ट हो गया। कृष्ण की मृत्यु के बाद अर्जुन ने उनका अंतिम संस्कार किया। शरीर छोड़ने समय भगवान कृष्ण 125 वर्ष के थे। कृष्ण के देहांत के बाद द्वापर युग का अंत और कलियुग का आरंभ हुआ। कृष्ण, वासुदेव, मुरारी और लीलाधर के नाम से पुकारे जाने वाले भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की धूम देशभर में गूंजती है। जन्माष्टमी पर भगवान श्री कृष्ण के मंदिर रात भर खुले रहते हैं। इस दौरान मंदिरों में कई आयोजन किए जाते है। भगवान श्री कृष्ण को विष्णु का आठवां अवतार माना जाता है। कृष्ण एक निस्वार्थ कर्मयोगी, एक आदर्श दार्शनिक, एक बुद्धिमान व्यक्ति और दिव्य संसाधनों से संपन्न एक महान व्यक्ति थे।