Chanakya Niti in Hindi: चाणक्य नीति विभिन्न पहलुओं पर सामान्य मनुष्यों का मार्गदर्शन करती है। यह चाणक्य के विचारों पर लिखी हुई नीति है जो यह बताती है कि चाणक्य हर विषय पर तीक्ष्ण विचार रखते थे। चाणक्य को बहुत समझदार माना जाता है इसलिए लोग आम जीवन में उनके आदर्शों का पालन करते हैं ताकि वह भी जीवन में ऊंचाइयों को छू सकें। चाणक्य नीति में शासन से लेकर प्रेम तक सभी विषयों पर बात की गई है। चाणक्य को एक कुशल अर्थशास्त्री माना जाता है, उन्होंने धन खर्च, बचत और बढ़ोतरी को लेकर भी कई बातों का वर्णन अपनी नीति ग्रंथ में किया है। जानिये चाणक्य के बताए ऐसे चार उपायों के बारे में, जिन्हें करने से कोई भी व्यक्ति धनवान बन सकता है।

व्यर्थ खर्च न करें पैसा: मनुष्य धन बहुत अधिक मेहनत करने के बाद कमाता है इसलिए उसे इस धन की कद्र होनी चाहिए। साथ ही इसका महत्व भी पता होना चाहिए। कभी भी किसी व्यक्ति को व्यर्थ में धन नहीं खर्च करना चाहिए। धन हमेशा वहां खर्च करें जहां उसकी बहुत अधिक आवश्यकता हो। व्यर्थ खर्चों पर आज ही रोक लगा दें।

धन को दोगुना करने का सोचें: हर व्यक्ति को अपने धन को दिन प्रतिदिन बढ़ाने के बारे में सोचना चाहिए क्योंकि सोचने से ही हम अपने कार्यों को नियंत्रित कर पाते हैं। अपना दिमाग और शक्ति यह सोचने में लगाएं कि किस प्रकार आप अपने पास रखे धन को बढ़ा सकते हैं। यह जीवन का एक उपयोगी मंत्र है।

मेहनत पर करें यकीन: चाणक्य मानते हैं कि किसी भी व्यक्ति को मेहनत करने से नहीं चूकना चाहिए। सफल वही व्यक्ति होता है जो मेहनत करता है। धन कमाने करने के लिए भी शारीरिक और मानसिक दोनों रूपों से मेहनत करनी चाहिए ताकि पैसा भी बढ़े और जीवन की परेशानियां भी दूर हों। जो व्यक्ति मेहनत करने से नहीं कतराता है। वह एक दिन अपार धन का स्वामी बनता है।

बुद्धिमान की संगति: चाणक्य नीति कहती है कि हर व्यक्ति को बुद्धिमान व्यक्ति की संगति में रहना चाहिए। जो व्यक्ति मूर्खों के संग रहता है धीरे धीरे वह भी उनके जैसा हो जाता है। लेकिन जो व्यक्ति बुद्धिमान लोगों की संगति में रहता है। वह नित नई बुद्धिमता का पाठ सीखता रहता है। ऐसे लोगों के पास धन को बढ़ाने से संबंधित बहुत से उपाय और सुझाव होते हैं।