Karwa Chauth 2019: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की जेल में बंद महिलाएं गुरुवार (17 अक्टूबर) को करवाचौथ रख रही हैं। इसमें दिलचस्प बात यह है कि मुस्लिम महिलाएं भी इस व्रत को करने में रुचि दिखा रही हैं। जेल प्रशासन ने बताया कि महिला कैदियों के इस व्रत को देखते काफी तैयारियां की गई हैं। वहीं, पूजन आदि के लिए जगह की व्यवस्था भी हुई है। साथ ही, व्रत खोलने के लिए स्पेशल भोजन तैयार कराया जा रहा है।

2 मुस्लिम महिलाओं ने रखा व्रत: जेलर शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 21 महिला कैदियों ने करवाचौथ का व्रत रखा है। इनमें 2 मुस्लिम महिलाएं अफसरी और रेशमा भी यह व्रत रख रही हैं। उन्होंने बताया कि अफसरी कत्ल के मुकदमे में पति के साथ आजीवन कारावास की सजा काट रही है।

Karwa Chauth 2019 Live Updates

जेल प्रशासन की यह है तैयारी: शैलेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, जेल से व्रत रखने वाली महिलाओं को पूजा सामग्री तथा व्रत खोलने पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

Hindi News Today, 17 October 2019 LIVE Updates

मथुरा जेल में भी हो रही तैयारी: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले की जेल में बंद 65 महिला बंदी भी अपने पति की दीर्घायु के लिए करवाचौथ का व्रत रख रही हैं। जेल प्रशासन ने ऐसा इंतजाम किया है कि वे पति का चेहरा देखकर व्रत भी खोल सकेंगी।

मथुरा जेल में 65 महिला कैदी रख रहीं व्रत: मथुरा जिला कारागार के जेलर अरविंद पाण्डेय ने बताया, ‘मथुरा जेल में कुल 103 सजायाफ्ता एवं विचाराधीन महिला बंदी निरुद्ध हैं। इनमें 65 बंदियों ने करवाचौथ का व्रत रखने की सूचना जेल प्रशासन को दी, जिसके लिए पूरी तैयारी की गई है।

मेहंदी-महावर लाने की दी गई छूट: जेलर ने बताया, ‘‘दरअसल, 65 महिला बंदियों के पतियों ने करवाचौथ के दिन व्रत खोलने के अवसर पर अपनी-अपनी पत्नी से मिलने की इजाजत मांगी थी। ऐसे में महिला बंदियों को करवाचौथ व्रत के लिए मेहंदी, महावर आदि जरूरी सामान भी जेल में लाने दिया जाएगा। महिला बंदियों को व्रत के लिए उनके पतियों के साथ मिलाई कर व्रत खोलने की छूट दी जाएगी।