Kartik Month 2023 Date: हिंदू धर्म में कार्तिक मास का विशेष महत्व है। ये भगवान विष्णु का प्रिय माह है। यह चातुर्मास का अंतिम महीना होता है। बता दें कि शरद पूर्णिमा के बाद कार्तिक मास का आरंभ हो जाता है। इस बार शरद पूर्णिमा 28 अक्टूबर को है और उसके अगले दिन यानी 29 अक्टूबर से कार्तिक मास आरंभ हो जाएगा। कार्तिक मास के दौरान भगवान विष्णु के साथ मां लक्ष्मी और तुलसी की पूजा करना शुभ माना जाता है। इसके साथ ही कार्तिक पूर्णिमा के साथ इस मास का समापन हो जाएगा। जानिए कार्तिक मास का महत्व और इस महीने क्या खाएं और क्या नहीं।
कब से कब तक कार्तिक मास 2023?
कार्तिक मास का आरंभ 28 अक्टूबर 2023 से हो रहा है और इसका समापन 27 नवंबर 2023, सोमवार के दिन कार्तिक पूर्णिमा के साथ हो रहा है।
कार्तिक मास 2023 का महत्व
चातुर्मास का कार्तिक मास सबसे खास महीना माना जाता है, क्योंकि इसी महीने से भगवान विष्णु योग निद्रा से जाग जाते हैं। भगवान विष्णु देवोत्थान एकादशी के दिन चार महीने की निद्रा से जाग जाते हैं। कार्तिक मास के दौरान स्नान-दान का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस मास में पवित्र नदियों का स्नान करने के साथ दान करने से कई गुना अधिक पुण्य की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही कुंडली में ग्रहों की स्थिति मजबूत होती है।
कार्तिक मास में तुलसी पूजन
कार्तिक मास में भगवान विष्णु की पूजा करने के साथ तुलसी के पौधे का पूजन करना भी लाभकारी माना जाता है। इस पूरे महीने में तुलसी को जल देने के बाद शाम के समय घी का दीपक जलाने की परंपरा है। मान्यता है कि ऐसा करने से भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी भी प्रसन्न होती है। इसके साथ ही इसी मास में तुलसी विवाह होता है। जिसमें तुलसी और शालिग्राम का विधि-विधान से विवाह कराया जाता है।
कार्तिक मास धन से कनेक्शन
कार्तिक मास मां लक्ष्मी का भी अत्यंत प्रिय माह है। माना जाता है कि इस मास में मां लक्ष्मी धरती पर भ्रमण करती हैं और अपने भक्तों की हर कष्ट को हरती हैं। इसी माह में धनतेरस से लेकर दीपावली तक का त्योहार मनाया जाता है, जो मां लक्ष्मी से ही संबंधित है। इस माह में लक्ष्मी जी की विधिवत पूजा करने के साथ उनकी प्रिय वस्तुएं अर्पित करने से वह जल्द प्रसन्न होती हैं और धन-ऐश्वर्य का आशीर्वाद देती हैं।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।