Astro Money Tips: कौन नहीं चाहता कि मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहे और जीवन में कभी धन-धान्य की कमी न हो। इसके लिए व्यक्ति कड़ी मेहनत करता है। लेकिन कई बार मेहनत का फल वो नहीं मिल पाता जिसे पाने के आप इच्छुक थे। ज्योतिष अनुसार जीवन में धन की स्थिति हमारे ग्रह नक्षत्रों पर निर्भर करती है। कई बार किसी ग्रह के कमजोर होने से भी धन के मार्ग में बाधा उत्पन्न होती है। यहां हम आपको बताएंगे लक्ष्मी प्राप्ति के ज्योतिषीय उपाय…
महालक्ष्मी की करें पूजा: धन की प्राप्ति के लिए धन की देवी मां लक्ष्मी की आराधना करें। शुक्रवार के दिन महालक्ष्मी का विधि विधान पूरी श्रद्धा से पूजन करें। माता लक्ष्मी की प्रतिमा के आगे तिल के तेल या घी का दीपक जलाएं। हल्दी या कुमकुम का तिलक लगाकर मां को गुलाब के फूल अर्पित करें। फिर धूपबत्ती जलाकर आरती उतारें। दूध व गुड़ की बनी मिठाइयों का भोग लगाएं और मां लक्ष्मी से अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना करें।
धन प्राप्ति के फेंगशुई और वास्तु उपाय: फेंगशुई के अनुसार दक्षिण-पूर्व दिशा धन की दिशा मानी जाती है। इसलिए घर में इस दिशा में हरे-भरे पौधे लगाने चाहिए। माना जाता है कि इस दिशा को हरा-भरा रखने से जीवन में धन का आगमन होता है और फंसा हुआ धन वापस आने के आसार भी रहते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार उत्तरी दिशा भगवान कुबेर का स्थान माना गया है। इसलिए इस दिशा में धन की तिजोरी रखना बेहद ही फलदायी साबित होता है। इस दिशा में कुबेर यंत्र, माँ लक्ष्मी और कुबेर देव की मूर्ति रखने से रुका हुआ धन वापस आने की मान्यता है।
धन प्राप्ति के लिए गुरु ग्रह के उपाय: गुरु ग्रह को धनकारक कहा जाता है। ज्योतिषीय अनुसार गुरु ग्रह के उपायों को अपनाकर आप धन-संपदा आदि प्राप्त कर सकते हैं। गुरु ग्रह को मजबूत करने के लिए इस मंत्र का जाप करना चाहिए-
देवानां च ऋषिणां च गुरुं काञ्चनसन्निभम्। बुद्धिभूतं त्रिलोकेशं तं नमामि बृहस्पतिम्।।
ॐ ग्रां ग्रीं ग्रौं सः गुरवे नमः। ह्रीं गुरवे नमः। बृं बृहस्पतये नमः।
धन प्राप्ति के लिए शुक्र ग्रह के उपाय: शुक्र ग्रह को भौतिक सुख-साधनों का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इनकी कृपा से जीवन में धन की कभी कमी नहीं होती है। इसलिए शुक्र को शक्तिशाली बनाने के लिए इस मंत्र का जाप कर सकते हैं-
हिमकुन्दमृणालाभं दैत्यानां परमं गुरुम। सर्वशास्त्रप्रवक्तारं भार्गवं प्रणमाम्यहम।।
ॐ द्रां द्रीं द्रौं सः शुक्राय नमः। ह्रीं शुक्राय नमः। शुं शुक्राय नमः।
धन प्राप्ति के अन्य उपाय: घर में पैसों की कभी दिक्कत न हो इसके लिए गृह क्लेश से बचना चाहिए। क्योंकि जिस घर में हमेशा लड़ाई होती रहती है, वहां लक्ष्मी की कृपा नहीं रहती है। इसके साथ ही घर की स्त्रियों को हमेशा सम्मान दें। किसी का जूठा भोजन न करें क्योंकि ऐसा माना जाता है कि किसी का जूठा खाने से दरिद्रता आती है। घर में तुलसी का पौधा लगाकर उसकी हर शाम पूजा करें। उसके पास घी का दीपक जलाएं। माना जाता है कि ऐसा करने से माता लक्ष्मी की कृपा बरसती है। कहा जाता है कि लक्ष्मी उस घर में निवास करती है जहां साफ-सफाई रहती है। इसलिए घर हमेशा साफ रखें। इसी के साथ दान-पुण्य के कार्य करना न भूलें। जो कमाएं, उसका कुछ हिस्सा परोपकारिक कार्यों में लगाएं।
धन वापस पाने के ज्योतिषीय उपाय: कुंडली में शुक्र व गुरु ग्रह को मज़बूत करें। कुंडली में शनि, राहु और मंगल यदि बुरे भाव में हैं तो इनका उपचार करें। पितृ दोष होने पर इसके निवारण के उपाय करें। श्रीयंत्र या महालक्ष्मी यंत्र को स्थापित कर सकते हैं। व्यापार में वृद्धि चाहते हैं तो व्यापार वृद्धि यंत्र स्थापित करें। गणेश लक्ष्मी रुद्राक्ष धारण कर सकते हैं। श्रीसूक्त का पाठ करें।