हिंदू धर्म से जुड़े विभिन्न धार्मिक पुस्तकों में दान को सबसे बड़ा पुण्य का काम माना गया है। जरूरतमंद मनुष्यों की मदद करना मानव का पहला कर्तव्य बताया जाता है। दान से मानसिक शांति मिलती है और मान्यता है कि इससे धन की बरकत भी होती है। लेकिन हर वस्तु दान के लिए शुभ नहीं मानी जाती। कुछ वस्तुएं ऐसी होतीं हैं जिनके दान से घर में दरिद्रता आने लगती है। इसलिए दान से पहले उन चीजों में बारे में अवश्य जान लें जिनका दान अशुभ माना जाता है।

झाड़ू- हिंदू धर्म के पुस्तकों में इस बात का ज़िक्र है कि झाड़ू घर से दरिद्रता को दूर करता है और घर में लक्ष्मी का वास कराता है। झाड़ू का दान अशुभ माना जाता है। लोग धनतेरस पर अन्य वस्तुओं के साथ झाड़ू अवश्य खरीदते हैं क्योंकि मान्यता है कि इससे घर की संपन्नता में वृद्धि होती है। ऐसे में अगर आप झाड़ू का दान करते हैं तो घर से लक्ष्मी जाने लगतीं हैं।

न करें प्लास्टिक की वस्तुओं का दान- आजकल सभी के घर में प्लास्टिक का दखल काफी बढ़ गया है। कई बार दान में हम प्लास्टिक की वस्तुएं दे देते हैं जो कि गलत है। मान्यता है कि प्लास्टिक से बनी वस्तुओं के दान से घर की शांति में खलल पड़ता है और आर्थिक हानि होती  है।

दूसरों को दान में न दें बासी भोजन- कई बार लोग भूखे लोगों को दान में बासी भोजन दे देते हैं। लेकिन ऐसा करना हमें ही नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसा करने से माता लक्ष्मी और अन्नपूर्णा देवी नाराज़ होतीं हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में अनाज और धन की कमी होती है। इसलिए किसी भी जरूरतमंद को बासी भोजन न दें।

स्टील के बर्तन का न करें दान- दान में घर में रखे हुए स्टील के बर्तनों को देने से बचना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से धन हानि होती है। स्टील के बर्तन दान करने से घर की शांति पर भी प्रतिकूल असर होता है।

लक्ष्मी की तस्वीर का दान- बहुत से लोग लक्ष्मी की प्रतिमा अंकित चांदी के सिक्कों को दान में देते हैं। लेकिन ऐसा करने से घर की लक्ष्मी कम होने लगतीं हैं। मान्यता है कि ऐसा करना अपने घर की लक्ष्मी को दूसरे के घर देना है। इसलिए लक्ष्मी की प्रतिमा को दान में न दें।