जन्माष्टमी का त्योहार पूरे देश में मनाया जाता है और लोग कान्हा के जन्म का जश्न मनाने के लिए तैयार हैं। इस दिन मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगती है और लोग श्रद्धा के साथ कान्हा की पूजा करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण सदैव अपने मुकुट में मोर पंख लगाते थे। इसलिए श्रीकृष्ण को मुकुटधारी भी कहा जाता है। ज्यादातर लोग श्रीकृष्ण के स्थान पर मोर पंख अवश्य रखते हैं साथ ही कुछ लोग अपने घरों में भी मोर पंख रखते हैं।

लेकिन श्रीकृष्ण क्यों अपने मुकुट और बांसुरी में सदैव मोर पंख लगा कर रखते थे। शायद इस बात से बहुत से लोग अभी भी अनजान हैं। तो आइए जन्माष्टमी के इस पर्व पर जानते हैं मोर पंख का महत्व और जन्माष्टमी के दिन घर में मोर पंख लेन से क्या क्या लाभ मिलते हैं।

क्यों श्रीकृष्ण अपने मुकुट में मोर पंख धारण करते थे ?

बता दें कि श्रीकृष्ण द्वारा मुकुट में मोर पंख धारण करने के कई कारण माने जाते हैं। जिसमें कुछ लोगों और धर्म के जानकारों का यह मानना है कि श्रीकृष्ण को मोर बहुत अधिक पसंद थे और इसलिए वह हमेशा अपने मुकुट में मोर पंख लगा कर रखते थे।

वहीं दूसरी ओर कुछ ज्योतिषियों का यह भी मानना है कि श्रीकृष्ण की कुंडली में कालसर्प योग था। कालसर्प योग के बुरे परिणामों को कम करने के लिए श्रीकृष्ण अपने मुकुट और बांसुरी में सदैव मोर पंख धारण करते थे।

जन्माष्टमी पर घर लाएं मोर पंख

मोर पंख श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय थे और इसी कारण से जन्माष्टमी पर इनका विशेष महत्व माना जाता है। वैसे तो आप कभी भी मोर पंख अपने घर या पूजा के स्थान के लिए ला सकते हैं। लेकिन ऐसा माना जाता है कि श्रीकृष्ण के जन्मदिवस के मोके पर मोर पंख लाना काफी शुभ माना जाता है और इस मोर पंख लाने से घर के कई संकट भी दूर हो जाते हैं। इसलिए ज्यादातर लोग जन्माष्टमी पर ही मोर पंख को घर लाना पसंद करते हैं।

घर में मोर पंख रखने से मिलेंगे ये लाभ

धन में वृद्धि : ज्योतिषियों का मानना है की जिस घर में अक्सर धन की कमी होती है। यदि वह अपने पैसों के स्थान पर मोर पंख रखते हैं तो ऐसा करने से धन की कमी भी धीरे -धीरे दूर होने लगती है। इसके अलावा घर में मोर पंख रखने से सकरात्मकता का माहौल बना रहता है। अपने घर के धन स्थान पर मोर पंख को काले धागे से बांध कर रखें। इससे राहु और शनि की बुरी नजर से बचा जा सकता है। मोर पंख को घर की दक्षिण दिशा में रखने से धन की प्राप्ति होती है।

वास्तु दोष : वास्तु शास्त्र के अनुसार मोर पंख को वास्तु दोष कम करने में भी लाभदायक माना जाता है। अगर घर में किसी भी तरह का वास्तु दोष होता है तो वास्तु दोष दूर करने के लिए मोर के आठ पंख लें और उन्हें घर की उत्तर-पूर्व दिशा में रखें। इन मोरपंखों को हमेशा ऐसी जगह पर रखें जहां कोई बाहरी व्यक्ति न देख सके। यह उपाय घर की सभी नकारात्मक ऊर्जाओं को दूर करता है। साथ ही यह उपाय घर के वास्तु दोषों को भी दूर कर सकता है।

ध्यान बढ़ाने के लिए : ज्योतिष शास्त्रों के अनुसार मोर पंख ध्यान भटकने से भी रोकता है साथ ही मोर पंख अपने पास रखने से एकाग्रता में भी बढ़ोत्तरी होती है। इसके अलावा जो बच्चें पढ़ाई में ठीक प्रकार से ध्यान नहीं दे पाते हैं। उनके लिए मोर पंख अपनी किताबों में रखना लाभदायक माना जाता है।

बुरी नजर से बचाव : मोर पंख भी बुरी नजर से बचाव करने में लाभप्रद माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यदि घर के मुख्य द्वार पर मोर पंख लगा दिए जाते हैं। तो घर में किस भी तरह की बुरी नजर और नकारात्मक ऊर्जा से मोर पंख घर के लोगों की रक्षा करता है।