बृहस्पति ग्रह नए साल 2022 में 13 अप्रैल तक कई राशियों जातकों के लिए धनलाभ और सफलता दिलाने के योग लेकर आए हैं। ज्योतिषीय गणना के अनुसार बृहस्पति ग्रह 20 नवंबर 2021 से 13 अप्रैल 2022 तक कुंभ राशि में संचार करेंगे। जिसका असर सभी राशियों पर देखने को मिलेगा। मेष राशि वाले जातकों की गोचर कुंडली में गुरु 11वें भाव में गोचर करेंगे। 11वें भाव को इनकम का भाव कहा जाता है। इसलिए मेष राशि वालों व अन्य कई राशियों के लिए लाभ कमाने की दृष्टि से यह समय वरदान साबित हो सकता है। आइए जानते हैं वो अन्य राशियां कौन सी हैं…
मेष राशि : 13 अप्रैल 2022 तक मेष राशि के जातकों की गोचर कुंडली में गुरु ग्यारहवें यानि इनकम भाव में गोचर करेंगे। ऐसे में यह समय बेहद शुभ रहने की संभावनाओं से भरा है। गुरु के प्रभाव से रुके हुए कार्य बनेंगे। धन आगमन के रास्ते खुलेंगे। नौकरीपेशा लोगों की पदोन्नति की संभावना है। अविवाहितों के लिए विवाह के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। नौकरी और व्यापार दोनों के लिए समय अच्छा है। समाज में आपकी मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। इस अवधि में आपके कई नए संबंध बनेंगे जिनसें भविष्य में लाभ प्राप्त होने के आसार रहेंगे।
मिथुन राशि: आपकी राशि में गुरु गोचर कुंडली के नौवें भाव में विराजमान हैं। कुंडली में नौवां भाव भाग्य स्थान है। इसलिए इस समय आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। साथ ही ऐसे में मनचाही सफलता प्राप्त करने के योग बन रहे हैं। सभी कार्यों में आपको सफलता मिल सकती है। छात्रों के लिए भी बेहद अनुकूल समय रहेगा। धार्मिक कार्यों के प्रति रुझान बढ़ेगा। बता दें कि जब कोई ग्रह दशम, नवम और एकादश भाव में गोचर करता है तो इस दौरान व्यक्ति को कई लाभ होते हैं।
कर्क राशि: अप्रैल 2022 तक का समय कर्क राशि वालों को कर्म का शुभ परिणाम दिलाने वाला होगा। व्यापार से जुड़े लोगों को आर्थिक लाभ होगा। जॉब में प्रमोशन व स्थान परिवर्तन के योग बने रहे हैं। पैसों से जुड़ी समस्याएं दूर होंगी। धन लाभ के साधन बनेंगे। कर्क राशि पर चंद्रमा ग्रह का आधिपत्य है और गुरु चंद्र में मित्रता का भाव है। इसलिए यह आपके लिए अनुकूल रहेगा। इस समय भाग्य का भी आपको पूरा साथ मिलेगा। साथ ही आपका आध्यात्म की ओर भी झुकाव हो सकता है।
तुला राशि: इस समय देवगुरु बृहस्पति आपकी राशि से पांचवें यानि बुद्धि व पुत्र भाव में गोचर करेंगे। इस समय आप अपनी बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन करते हुए, कई जगहों पर लाभ प्राप्त करेंगे। वहीं कई दिनों से चली आ रही कार्यबाधा दूर होने के साथ ही सरकारी विभागों में भी अटके कार्यों का निपटारा होगा। धन-दौलत में बढ़ोतरी की संभावना है। जो लोग पीली वस्तुओं का व्यापार कर रहे हैं, उन्हें भी इस दौरान लाभ होगा। आप धन का संचय कर पाने में सफल रहेंगे। नया व्यापार शुरू करने के लिए समय अच्छा है।
यह भी पढ़ें: मेष राशिफल 2022, वृषभ राशिफल 2022, मिथुन राशिफल 2022, कर्क राशिफल 2022, सिंह राशिफल 2022, कन्या राशिफल 2022, तुला राशिफल 2022, वृश्चिक राशिफल 2022, धनु राशिफल 2022, मकर राशिफल 2022, कुंभ राशिफल 2022, मीन राशिफल 2022
