Ganga Dussehra 2023 Upay: हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दशहरा का पर्व मनाया जाता है। माना जाता है कि इस दिन मां गंगा धरती पर अवतरित हुई थी। इसी कारण इस दिन को गंगा जयंती के रूप में मनाते हैं। इस दिन गंगा स्नान करने से हर तरह के दुखों से निजात मिल जाती हैं और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इस साल गंगा दशहरा का पर्व 30 मई को मनाया जा रहा है। इस दिन कई शुभ योग भी बन रहे हैँ। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान के साथ-साथ कुछ खास उपायों को करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है।

गंगा दशहरा 2023 पर बन रहे हैं अद्भुत योग

हिंदू पंचांग के अनुसार, गंगा दशहरा के दिन काफी शुभ योग बन रहे हैं। इस दिन सिद्धि और रवि योग बन रहे हैं। इसके साथ ही कर्क राशि में शुक्र के गोचर से धन योग भी बन रहा है।

रवि योग- रवि योग पूरे दिन रहने वाला है।
सिद्धि योग- 29 मई को रात 09 बजकर 01 मिनट से शुरू होगा, जो 30 मई को रात 08 बजकर 55 मिनट तक रहेगा।
धन योग- शुक्र के कर्क राशि में गोचर से धन योग का निर्माण होगा।

गंगा दशहरा पर करें ये खास ज्योतिषीय उपाय

गंगा स्नान जरूरी

गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान करना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन स्नान करने से दैहिक, वाणी और मानसिक रूप से किए गए पापों से मुक्ति मिल जाती है। इसके साथ ही सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। गंगा स्नान करते समय ॐ नमो गंगायै विश्वरूपिण्यै नारायण्यै नमो नमः’ का जाप जरूर करते रहना चाहिए।

आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए

लगातार पैसों की तंगी का सामना करना पड़ रहा है, तो गंगा दशहरा के दिन एक चांदी के बर्तन में गंगाजल भर लें और इसे घर की उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण में रख दें। ऐसा करने से आर्थिक स्थिति संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है और सुख-समृद्धि की प्राप्ति हो सकती है।

शनि दोष से निजात पाने के लिए

गंगा दशहरा के दिन एक लोटे में पानी में थोड़ा सा गंगाजल डाल लें। इसके बाद इसे पीपल के पेड़ की जल में अर्पित कर दें। माना जाता है कि ऐसा करने से कुंडली में मौजूद शनि दोष के दुष्प्रभाव काफी हद तक कम हो सकते हैं।

वास्तु दोष के लिए

अगर आपके घर में वास्तु दोष है, तो गंगा दशहरा के दिन पूरे घर में गंगाजल छिड़क दें। आप चाहे, तो हर सप्ताह, 15 दिन या फिर एक माह ऐसा कर सकते हैं। ऐसा करने से घर से नकारात्मक ऊर्जा और वास्तु दोष हट जाएगा।