Ganesh Chaturthi 2023: आज यानी 19 सितंबर से गणेश उत्सव आरंभ हो गया है। इस खास मौके पर घर-घर में गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि के साथ गणेश उत्सव आरंभ हो जाता है, जो अनंत चतुर्दशी के साथ समाप्त हो जाता है। इस दौरान घर में गणेश जी की मूर्ति विराजित की जाती है। लेकिन भगवान गणेश की पीओपी मूर्ति लाने से बचना चाहिए, क्योंकि यह आसानी से पानी में नहीं घुलती है। इसके साथ ही यह प्रदूषण का कारण बनती है। इसलिए जरूरी है कि मिट्टी के गणपति बप्पा की मूर्ति बनाकर उसकी पूजा करें। इससे आपका पर्यावरण भी सही रहेगा।  अगर आप किसी कारणवश मिट्टी के गणपति बप्पा की मूर्ति नहीं बना पाएं, तो ऐसे में आप इन चीजों से झट से गणेश जी की मूर्ति बना सकते है्। इसे शुभ फलों की प्राप्ति होगी और साथ ही गणपति बप्पा भी अति प्रसन्न होंगे।

हल्दी से बनी गणेश जी की मूर्ति

हिंदू धर्म में हल्दी को काफी शुभ माना जाता है। ऐसे में आप हल्दी से गणपति की जी मूर्ति बना सकते हैं। ऐसे में आप ऐसी हल्दी की गांठ खोजे, जिसमे गणेश जी की आाकृति दिख रही है। ऐसी हल्दी की गांठ को स्थापित कर सकते हैं। अगर ऐसी गांठ नहीं मिल रही है, तो आप हल्दी के पाउडर में शुद्ध जल मिलाकर इससे खूबसूरत गणपति जी की तस्वीर बना सकते हैं।

श्वेतार्क गणेश

हिंदू धर्म में आंकड़े के फूल भगवान शिव को चढ़ाना काफी शुभकारी माना जाता है।   इस आंकड़े के पेड़ की जड़ से भी गणेश जी की मूर्ति बना सकते हैं। इसके लिए आंकड़े की ऐसी जड़ ढूंढे जिसमें गणेश जी की आकृति दिख रही हो। ऐसे जड़ मिलने पर विधिवत स्नान करना के बाद स्थापना कर सकते हैं।

गाय के गोबर से बनी गणेश मूर्ति

आप चाहे, तो गाय के गोबर से भी गणेश जी की मूर्ति बना सकते हैं। यह शुभ होने के साथ शुद्ध भी मानी जाती है। दरअसल, गाय के गोबर में मां लक्ष्मी का वास होता है। ऐसे गोबर से भगवान गणेश की मूर्ति बनाने से गणपति के साथ मां लक्ष्मी अति प्रसन्न होती है और सुख-समृद्धि,सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है।

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।